ग्वालियर- शहर के थाटीपुर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उसका शव घर में रखे डीप फ्रीजर से बरामद किया गया। महिला के सिर में चोट और गोली लगने की आशंका के बीच मामला रहस्यमय बन गया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के बाद से महिला का पति लापता बताया जा रहा है। पुलिस और फोरेंसिक टीम देर रात तक मौके पर जांच में जुटी रही।
डीप फ्रीजर में रखा मिला शव, पुलिस के पहुंचते ही बढ़ा शक
तृप्ति नगर निवासी जान्हवी उर्फ ज्योति कुशवाह की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान महिला का शव घर में रखे डीप फ्रीजर में मिला। पुलिस को जानकारी मिली कि परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी में थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने हस्तक्षेप कर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की। घटना के बाद से महिला का पति मनोज कुशवाह घर से गायब बताया जा रहा है।
मौत को लेकर सामने आईं दो अलग-अलग कहानियां
जांच के दौरान पुलिस को दो अलग-अलग दावे सुनने को मिले। परिवार के कुछ सदस्यों का कहना है कि महिला अपने बच्चे के एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान सीढ़ियों से गिर गई थी, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर कुछ लोगों ने दावा किया कि एक रिश्तेदार युवक कथित तौर पर पिस्टल में कारतूस भर रहा था, तभी अचानक फायर हो गया और गोली महिला के सिर में लग गई।
रिश्तेदार पर भी उठ रहे सवाल
स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के समय परिवार का एक रिश्तेदार भी घर में मौजूद था। चर्चा है कि उसके पास अवैध हथियार था और उसी से गोली चलने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल शव को परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह हादसा था, लापरवाही का मामला या फिर इसके पीछे कोई और वजह छिपी है।