मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के आगरा स्थित पैतृक घर का मंगलवार को गंगाजल छिड़ककर शुद्धिकरण किया गया। उनकी 76 वर्षीय मां सत्यवती ने कहा कि 28 सितंबर को कुछ राक्षस प्रवृत्ति के लोग घर के बाहर आए थे और उन्होंने घर को गंदा किया था। अब शांति के लिए धार्मिक आयोजन किया गया है।
लोगों ने भी पाठ में हिस्सा लिया
अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा की महिलाओं ने पीले वस्त्र पहनकर कलश यात्रा निकाली। इसके बाद विजय नगर स्थित घर पहुंचकर गंगाजल का छिड़काव किया गया और सुंदरकांड का पाठ किया गया। ज्ञानेश कुमार के पिता डॉ. सुबोध कुमार समेत परिवार के अन्य लोगों ने भी पाठ में हिस्सा लिया।
‘वोट चोर’ और ‘गद्दार’ लिखा गया
दरअसल, 28 सितंबर को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के पैतृक घर के बाहर प्रदर्शन किया था। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान घर की दीवार और मुख्य द्वार पर कालिख पोती गई थी। साथ ही दीवार पर ‘वोट चोर’ और ‘गद्दार’ लिखा गया था। मंगलवार को हुए अनुष्ठान के दौरान महिलाओं और स्थानीय लोगों ने धार्मिक विधि से परिसर का शुद्धिकरण किया। मां सत्यवती ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य किसी विवाद को बढ़ाना नहीं, बल्कि शांति की कामना करना है।