मेरठ। जिम ट्रेनर ने पहले तलाकशुदा शिक्षिका को प्रेम जाल में फंसाकर चार साल तक शारिरीक शोषण किया और फिर पीड़िता की नाबालिग बेटी से दोस्ती कर उसके साथ भी चार माह तक शारीरिक शोषण किया। विरोध करने पर आरोपी किशोरी को मां की हत्या करने की धमकी देकर चुप करा देता था। जिम ट्रेनर की करतूत का पता चलने पर पीड़ित मां ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र निवासी तलाकशुदा शिक्षिका सिविल लाइन थाना क्षेत्र के वेस्टर्न कचहरी रोड स्थित एक जिम में चार साल पहले एक्सरसाइज करने गई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात न्यू मोहनपुरी निवासी जिम ट्रेनर भीम सैनी उर्फ सूजल उर्फ सोनू से हो गई। दो बच्चों का पिता होने के बाद भी आरोपी ने महिला से दोस्ती कर ली और दोनों में प्यार हो गया। आरोपी का महिला के घर आना जाना शुरू हो गया। चार साल तक आरोपी महिला से शारीरिक संबंध बनाता रहा। पीड़िता की 14 साल की बेटी को स्कूल छोड़ने के बहाने से आरोपी ने उससे भी दोस्ती कर ली और उसे भी अपने प्यार के जाल में फंसा कर शारिरीक शोषण करने लगा।
दो दिन पहले पीड़िता मां ने बेटी को मोबाइल पर जिम ट्रेनर भीम सैनी के साथ अश्लील चैट करते हुए देख लिया। पीड़िता ने बेटी से सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि आरोपी अक्टूबर माह से उसका शारीरिक शोषण कर रहा है और विरोध करने पर मां की हत्या करने की धमकी देता था। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी जिम ट्रेनर के खिलाफ दुष्कर्म, पोक्सो एक्ट और हत्या करने की धमकी देने की आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया और बुधवार को कोतवाली पुलिस ने आरोपी जिम ट्रेनर भीम सैनी उर्फ सूजल उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
नाम बदल कर कई महिलाओं से कर चुका है दोस्ती
पुलिस की जांच में यह बात निकल कर आई है कि आरोपी नाम बदलकर कई महिलाओं को अपने जाल में फंसा चुका है। कोई महिला उसे सोनू के नाम से जानती है तो कोई महिला सूजल के नाम से पहचानती है। इस घटना से पहले भी आरोपी कई महिलाओं से दोस्ती कर चुका है। इज्जत की खातिर महिलाओं ने शिकात नहीं की। जेल जाते समय आरोपी की एक वीडियो भी इंटरनेट पर वायरल हो रही है, जिसमें वह पुलिस के सामने गिड़गिड़ता नजर आ रहा है।