Haiwan Trailer : अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आने वाली है. फिल्म ‘हैवान’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है. खास बात यह है कि दोनों कलाकार करीब 18 साल बाद एक साथ स्क्रीन शेयर करते दिखाई देंगे. इससे पहले दोनों 2008 में रिलीज हुई फिल्म ‘टशन’ में साथ नजर आए थे.
ट्रेलर में दिखा खतरनाक अंदाज
‘हैवान’ के ट्रेलर में अक्षय कुमार का किरदार काफी रहस्यमयी और खतरनाक नजर आता है. उनके अंदाज से साफ संकेत मिलता है कि फिल्म में उनका किरदार सामान्य हीरो जैसा नहीं होगा। दूसरी ओर, सैफ अली खान ऐसे व्यक्ति की भूमिका में दिखाई देते हैं जो मुश्किल हालात के बीच खुद को बचाने और सच्चाई तक पहुंचने की कोशिश करता है.
कहानी में दिखेगा तनाव
ट्रेलर से कहानी में संघर्ष, डर और मानसिक दबाव की झलक मिलती है. अक्षय का किरदार अपने विरोधियों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाता नजर आता है, जबकि सैफ का किरदार लगातार बदलती परिस्थितियों से जूझता दिखाई देता है. फिल्म में दोनों के बीच टकराव कहानी का अहम हिस्सा हो सकता है.
दमदार डायलॉग ने खींचा ध्यान
ट्रेलर में अक्षय के किरदार का एक डायलॉग भी चर्चा में है, जिसमें वह बेवकूफी को लेकर तीखी बात कहते नजर आते हैं. इस संवाद ने उनके किरदार की सोच और खतरनाक व्यक्तित्व की ओर इशारा किया है। ट्रेलर में एक्शन के साथ रहस्य का माहौल भी बनाए रखा गया है.
18 साल बाद फिर साथ आए सितारे
अक्षय और सैफ की पिछली फिल्म ‘टशन’ के बाद दोनों को दोबारा साथ देखने का मौका दर्शकों के लिए खास है. ‘हैवान’ में उनकी जोड़ी किस तरह कहानी को आगे बढ़ाती है और आखिर सैफ का किरदार अक्षय के किरदार से कैसे मुकाबला करता है, यह फिल्म देखने के बाद ही स्पष्ट होगा.