भारत के सबसे बड़े नमकीन और मिठाई ब्रांड हल्दीराम में अब एक और विदेशी दिग्गज निवेशक की एंट्री हो गई है। अमेरिका की जानी-मानी प्राइवेट इक्विटी फर्म L Catterton ने हल्दीराम में हिस्सेदारी खरीदी है। इससे पहले सिंगापुर की टेमासेक, यूएई की आईएचसी और अमेरिका की अल्फा वेव ग्लोबल मिलकर हल्दीराम में 10 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सेदारी ले चुकी हैं। उस डील की वैल्यू करीब 10 अरब डॉलर बताई गई थी। L Catterton की हिस्सेदारी को लेकर आधिकारिक आंकड़े सामने नहीं आए हैं, लेकिन इसे माइनॉरिटी इन्वेस्टमेंट माना जा रहा है।
L Catterton और बर्नार्ड आरनॉल्ट कनेक्शन
L Catterton कोई छोटी फर्म नहीं है। इसमें फ्रांस के लग्जरी साम्राज्य LVMH और इसके चेयरमैन बर्नार्ड आरनॉल्ट की फैमिली होल्डिंग कंपनी ग्रुप अर्नॉल्ट का निवेश है। यह निवेश L Catterton के 400 मिलियन डॉलर के इंडिया फोकस्ड फंड से किया गया है, जिसे इसी साल लॉन्च किया गया था। इस फंड का मकसद भारत में 25 मिलियन से 150 मिलियन डॉलर तक के निवेश करना है। L Catterton पहले भी भारत में Drools, Farmley और Sugar Cosmetics जैसे ब्रांड्स में निवेश कर चुकी है।
ये भी पढ़ें : रिटायरमेंट के बाद भी हर महीने पैसा, सरकार की इस योजना ने बदली तस्वीर, आप भी अपनाएं
भारतीय स्नैक्स बाजार पर विदेशी नजर
भारत का स्नैक्स बाजार इन दिनों ग्लोबल निवेशकों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण बन चुका है। देश में नमकीन स्नैक्स का बाजार करीब 6.2 अरब डॉलर का बताया जा रहा है और यह तेजी से बढ़ रहा है। यही वजह है कि हल्दीराम के अलावा राजकोट की बालाजी वेफर्स भी बड़ी डील की तैयारी में है। खबर है कि बालाजी वेफर्स को जनरल अटलांटिक से करीब 35 हजार करोड़ रुपये की वैल्यूएशन पर निवेश मिल सकता है। पारंपरिक पारिवारिक ब्रांड अब अपने कारोबार को देश और दुनिया में फैलाने के लिए प्रोफेशनल निवेशकों का सहारा ले रहे हैं।
भारत से ग्लोबल बनने की तैयारी
इस निवेश के पीछे साफ संकेत है कि हल्दीराम अब सिर्फ भारतीय बाजार तक सीमित नहीं रहना चाहता। पैकेज्ड फूड और फूड सर्विस सेक्टर में इस साल जबरदस्त हलचल देखने को मिली है। L Catterton ने दुनिया भर में 275 से ज्यादा कंज्यूमर ब्रांड्स में निवेश किया है। इसके प्रमोटर बर्नार्ड आरनॉल्ट दुनिया के सातवें सबसे अमीर कारोबारी हैं, जिनकी नेटवर्थ करीब 205 अरब डॉलर है। ऐसे दिग्गज निवेशकों की एंट्री से हल्दीराम की ग्लोबल पहचान और मजबूत होने की उम्मीद है।