पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के मुजफ्फराबाद से बड़ी खबर सामने आई है, जहां पुलवामा हमले से जुड़े बताए जा रहे आतंकी हमजा बुरहान की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि हमजा बुरहान को दिनदहाड़े निशाना बनाया गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सूत्रों के अनुसार हमजा लंबे समय से आतंकी गतिविधियों से जुड़ा हुआ था और सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर था।
मुजफ्फराबाद में दिनदहाड़े हुई फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 1 बजे हमजा बुरहान मुजफ्फराबाद स्थित एक मेडिकल संस्थान के बाहर अपनी गाड़ी से निकला था। इसी दौरान अज्ञात हमलावर ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलवामा हमले से जुड़ा था नाम
हमजा बुरहान का असली नाम अर्जुमंद गुलजार डार बताया जा रहा है। वह आतंकी संगठन अल बद्र से जुड़ा हुआ था और पुलवामा में सीआरपीएफ पर हुए ग्रेनेड हमले का मास्टरमाइंड माना जाता था। भारत सरकार ने साल 2022 में उसे यूएपीए के तहत आतंकवादी घोषित किया था। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक वह लंबे समय से आतंकियों की भर्ती और नेटवर्क संचालन में सक्रिय था।
मेडिकल संस्थान में प्रिंसिपल के पद पर था तैनात
बताया जा रहा है कि हमजा बुरहान इस समय मुजफ्फराबाद के अब्बास इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में प्रिंसिपल के पद पर तैनात था। आतंकी गतिविधियों के साथ-साथ वह पाकिस्तान में रहकर विभिन्न संगठनों के जरिए नेटवर्क संचालित कर रहा था। सूत्रों के मुताबिक वह साल 2015 से पाकिस्तान में रह रहा था और कई कट्टरपंथी संगठनों से जुड़ा हुआ था।
आतंकी नेटवर्क में बढ़ रही रहस्यमयी हत्याएं
पिछले कुछ समय से पाकिस्तान और पीओके में कई आतंकियों और कट्टरपंथी नेटवर्क से जुड़े लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की घटनाएं सामने आ रही हैं। कुछ मामलों में गैंगवार की बात सामने आई, जबकि कई घटनाओं में अज्ञात हमलावरों ने आतंकियों को निशाना बनाया। हमजा बुरहान की हत्या को भी इसी कड़ी से जोड़कर देखा जा रहा है।
हमलावर ने किया सरेंडर
सूत्रों के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि उसने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। शुरुआती जानकारी में हत्या की वजह आपसी रंजिश बताई जा रही है, हालांकि सुरक्षा एजेंसियां मामले की हर एंगल से जांच कर रही हैं।