
नई दिल्ली: आज कल छोटे बच्चों में Hand Foot Mouth Disease (HFMD) बहुत तेजी से फैल रही है। यह एक वायरल संक्रमण है जो खासतौर पर पांच साल से कम उम्र के बच्चों को प्रभावित करता है। हालांकि बड़े बच्चे और कभी-कभी वयस्क भी इसकी चपेट में आ सकते हैं। मेडिकल एक्सपर्ट्स के अनुसार, यह संक्रमण आमतौर पर हल्का होता है और 7-10 दिन में ठीक हो जाता है, लेकिन कमजोर इम्यूनिटी वाले बच्चों के लिए यह गंभीर भी हो सकता है।
कैसे फैलता है HFMD?
हैंड फुट माउथ डिजीज (HFMD) एक वायरल संक्रमण है, जो मुख्य रूप से छोटे बच्चों को प्रभावित करता है। यह संक्रमण कॉक्ससकी वायरस नामक एंटरोवायरस के कारण होता है। आमतौर पर यह 5 साल से कम उम्र के बच्चों में ज्यादा देखने को मिलता है, हालांकि बड़े बच्चे और कभी-कभी एडल्ट भी इससे संक्रमित हो सकते हैं। यह बीमारी संक्रामक होती है और एक बच्चे से दूसरे बच्चे में आसानी से फैल सकती है.।
HFMD मुख्य रूप से वायरस के कारण फैलता है। जब कोई संक्रमित बच्चा खांसता, छींकता या उसके थूक और नाक के म्यूकस से दूसरा बच्चा संपर्क में आता है तो यह बीमारी फैल सकती है। इसके अलावा, संक्रमित सतह, खिलौनों या बर्तनों को छूने से भी वायरस बच्चों तक पहुंच जाता है।
HFMD के लक्षण क्या हैं?
डॉक्टर्स बताते हैं कि संक्रमण के 3-6 दिन बाद लक्षण नजर आने लगते हैं। शुरुआत में हल्का बुखार, सिरदर्द और गले में खराश होती है। बच्चे चिड़चिड़े हो जाते हैं और भूख कम लगती है। कुछ दिनों में मुंह के अंदर छाले हो जाते हैं, जिससे खाने-पीने में परेशानी होती है। हाथों की हथेलियों, पैरों के तलवों, घुटनों और कोहनियों पर लाल चकत्ते और दाने निकल आते हैं, जो कभी-कभी फफोले का रूप ले सकते हैं। शरीर में थकान, दर्द और कमजोरी महसूस होती है। गंभीर मामलों में लगातार तेज बुखार, उल्टी, डिहाइड्रेशन और पेशाब कम आने की समस्या भी हो सकती है। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है।
ये भी पढ़ें : Asia Cup में Pakistan का बहिष्कार क्यों नहीं, BCCI ने बताई ये बड़ी वजह ?
बचाव ही है सबसे बड़ा उपाय
बच्चों को बार-बार हाथ धोने की आदत डालें
संक्रमित बच्चों को स्कूल या डे-केयर न भेजें।
बच्चों के खिलौने, बर्तन और इस्तेमाल की चीजें साफ रखें।
बच्चे को पर्याप्त पानी और तरल पदार्थ पिलाएं।
संक्रमण के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।