Hanuman Ansh Movie Controversy : फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई करके सबका ध्यान खींचा था, लेकिन अब यह फिल्म अपनी सफलता से ज्यादा मेकर्स के बीच चल रहे विवाद को लेकर चर्चा में है। नीम करोली बाबा के जीवन पर बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में करीब 452.86 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। वहीं, फिल्म के अधिकार, प्रचार और कामकाज को लेकर टीम के बीच मतभेद की खबरें सामने आ रही हैं। इसी बीच मेकर्स की ओर से एक आधिकारिक सार्वजनिक नोटिस जारी किया गया है।
फिल्म के अधिकारों पर सामने आई नई बात
स्वंभू मीडिया नेटवर्क की ओर से जारी बयान में फिल्म के अधिकारों और उससे जुड़े कामकाज को लेकर स्थिति साफ करने की कोशिश की गई है। निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी और निर्माता नम्रता जी सिंह ने बताया कि फिल्म के प्रचार, विपणन, पुरस्कार और साझेदारी से जुड़े काम उनके जरिए संभाले जाएंगे। बयान में यह भी कहा गया कि कोई भी व्यक्ति अपने स्तर पर फिल्म के अधिकारों से जुड़ा फैसला नहीं ले सकता। ऐसे किसी भी काम को कंपनी मान्यता नहीं देगी।
चार निर्माता, लेकिन फैसले लेने का तरीका बना चर्चा
फिल्म के चार निर्माता नम्रता जी सिंह, डॉ. विशाल चतुर्वेदी, रागिनी सोना और अनुप्रिया नागर हैं। सार्वजनिक नोटिस में साफ किया गया है कि फिल्म के अधिकार चारों के पास संयुक्त रूप से हैं। वहीं, फिल्म से जुड़े अधिकारों, प्रचार और साझेदारी के फैसले प्रोडक्शन समझौते के अनुसार और सभी जरूरी मंजूरियों के साथ ही लिए जाएंगे। ऐसे में मामला सिर्फ प्रचार तक सीमित नहीं, बल्कि फिल्म के कामकाज से भी जुड़ा है।
अनुप्रिया नागर को लेकर भी बढ़ी दिलचस्पी
फिल्म की निर्माता अनुप्रिया नागर प्रचार के दौरान काफी चर्चा में रही थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के प्रचार में किसे कितना महत्व मिल रहा है, इस बात को लेकर भी टीम में मतभेद की खबरें सामने आई थीं। हालांकि, इन बातों को लेकर सभी पक्षों की पूरी जानकारी सामने आना अभी बाकी है। ऐसे में किसी एक व्यक्ति को विवाद की वजह बताना जल्दबाजी होगी।
इसे भी पढ़ें : भारत से व्यापार बंद करना पाकिस्तान को पड़ा भारी, 40 अरब डॉलर के नुकसान के बाद बदले सुर
क्या अब बनेगा फिल्म का दूसरा भाग
‘हनुमान अंश’ को लेकर पहले इसके अगले भाग की भी चर्चा हुई थी। अनुप्रिया नागर ने पहले फिल्म को तीन भागों में बनाने की योजना का जिक्र किया था। लेकिन अब टीम के बीच कथित मतभेदों के चलते इसके अगले भाग पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल दूसरे भाग को लेकर कोई पक्की घोषणा नहीं हुई है। फिल्म की डिजिटल रिलीज की तारीख भी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि मेकर्स आपसी मतभेद सुलझाकर आगे साथ काम करते हैं या नहीं।