Happy Father's 2025 : हर साल जून के तीसरे रविवार को फादर्स डे मनाया जाता है — एक ऐसा दिन जो सिर्फ एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि उस मजबूत आधार को सेलिब्रेट करता है, जिस पर बेटियों का आत्मविश्वास टिका होता है. पिता सिर्फ सुरक्षा का अहसास नहीं कराते, वो बेटियों के पहले हीरो, पहले दोस्त और पहले टीचर भी होते हैं.
जब बात ज़िंदगी के बड़े फैसलों या मुश्किल घड़ियों की आती है, तो अक्सर एक बेटी को अपने पिता के दिए वो छोटे-छोटे सबक याद आते हैं, जो उसे हिम्मत न हारने की ताक़त देते हैं. बचपन में जब पहली बार साइकिल चलाते वक्त बेटी गिरती है, तो वही पिता उसे उठाकर कहते हैं – “डर मत, फिर से कोशिश कर.
यही एक लाइन, सालों बाद ज़िंदगी की ठोकरों में भी बेटी को टूटने नहीं देती. पिता की चुप्पी में भी एक गहराई होती है – उनकी नज़रों में वो भरोसा होता है, जो कहता है कि ‘तू कर सकती है.’ चाहे ऑफिस में पहला इंटरव्यू हो या शादी का फैसला – बेटियां सबसे पहले अपने पापा के विचार जानना चाहती हैं.
पिता से ही बेटियां सीखती हैं आत्मनिर्भरता, संयम, सम्मान और साहस. जब दुनिया उन्हें कमजोर समझती है, तब पिता का दिया आत्मबल उन्हें वो शक्ति देता है, जो उन्हें हर चुनौती से लड़ने के काबिल बनाता है. वो सिखाते हैं कि मुश्किलें आएंगी, लेकिन हारना कोई विकल्प नहीं होता.
आज के इस फादर्स डे पर, हर बेटी अपने पिता को सिर्फ धन्यवाद नहीं कहती, बल्कि उन्हें ये भरोसा भी दिलाती है कि उनके दिए सबक, उनके संस्कार और उनका प्यार – ज़िंदगी की हर जंग में उसके साथ है. क्योंकि बेटियां पिता से ही तो सीखती हैं वो ज़रूरी सबक, जो उन्हें कभी भी टूटने नहीं देते.