.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D3f4de27c-7483-4e95-b2b2-7d337eb37b18&w=3840&q=75)
त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। क्योंकि आने वाले कुछ ही दिनों में दीपावली व छठ पूजा जैसे बड़े पर्व पर काफी संख्या में लोग अपने घरों पर जाते हैं। इसलिए रेलवे ने त्योहार स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया है। हापुड़ जंक्शन पर भी चार ट्रेनों का ठहराव दिया गया है।
अक्टूबर माह में दीपावली और छठ पूजा जैसे बड़े त्योहार हैं। इन त्योहारों पर दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोग अपने-अपने घरों पर जाते हैं। ट्रेनों में काफी समय पहले से ही आरक्षण यात्री बुक करा रहे हैं। ऐसे में नियमित ट्रेनों में भीड़ बढ़ रही है। यात्रियों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने त्योहार स्पेशल ट्रेनों को संचालित किया है। मुरादाबाद मंडल का हापुड़ जंक्शन प्रमुख स्टेशनों में शुमार है। इसलिए इस जंक्शन पर भी चार त्योहार स्पेशल ट्रेनों का ठहराव दिया गया है।
सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि ट्रेन नंबर 04008-04007 आनंद विहार से जोगबनी, 04010-04009 सीतामढ़ी से दिल्ली, 04022-04021 नई दिल्ली से गोरखपुर और 05733-05734 किशनगंज से अमृतसर का हापुड़ जंक्शन पर ठहराव दिया गया है। इन ट्रेनों के संचालित होने से हापुड़ से इन स्थानों पर जाने वाले यात्रियों को काफी राहत मिल सकेगी। इन ट्रेनों का संचालन दो अक्टूबर से शुरू कर दिया जाएगा।