हापुड़ : पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के एनएच-09 पर ऑटो का टायर बदल रहे चालक को पीछे से आए कैंटर ने कुचल दिया। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे आसपास के लोगों ने पास के अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान चालक की मौत हो गई। जबकि ऑटो भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इस मामले में मृतक के भाई ने कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है.
जिला शाहजहांपुर के थाना जयंतीपुर के गांव लालपुर बड़ा गांव निवासी रिंकू ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उसका भाई पप्पू ऑटो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। 07 जुलाई की सुबह करीब दो बजे उसका भाई पप्पू गाजियाबाद से हापुड़ की ओर आ रहा था। एनएच-09 पर ओम किरन लाजिस्टिक के पास ऑटो के टायर में पंचर हो गया था। जिसके बाद पप्पू ने ऑटो को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और टायर बदलने लगा। तभी पीछे से आए एक कैंटर ने पप्पू को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में ऑटो भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और पप्पू गंभीर रूप से घायल हो गया.
आसपास के लोगों ने घायल को पास के रामा अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान पप्पू ने दम तोड़ दिया। इस हादसे की सूचना जैसे ही परिवार के लोगों को मिली तो उनमें कोहराम मच गया। आनन फानन में परिजन मौके पर पहुंच गए और शव को देखकर विलाप करने लगे। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
इस मामले में मृतक के भाई ने कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पिलखुवा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि कैंटर नंबर के आधार पर उसके चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा.