हापुड़ : हाफिजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम महमूदपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोर गगन सिंह की मौत हो गई। हादसा 8 जून को दोपहर के समय हाफिजपुर रेलवे स्टेशन के पास हुआ. पीड़ित हरेंद्र सिंह ने पुलिस में तहरीर दी है कि वह अपने पुत्र गगन के साथ बाइक पर सवार होकर हापुड़ से घर लौट रहे थे। हरेंद्र बाइक चला रहे थे। जैसे ही वे रेलवे स्टेशन के सामने पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक के चालक ने लापरवाही से उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों पिता-पुत्र बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
आसपास के लोगों ने तुरंत मदद की और दोनों को हापुड़ स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान गगन की मौत हो गई। हरेंद्र सिंह का अभी भी अस्पताल में इलाज चल रहा है. हरेंद्र सिंह ने ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मुकदमा दर्ज कराया है और आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है.
हाफिजपुर थाना प्रभारी अरविंद चौधरी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.