हापुड़ : सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अर्जुन नगर निवासी एक युवती को पानी की बाेतल में एसिड पिलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. युवती अपनी मां के साथ मोहल्ले में ही स्थित एक सुनार की दुकान पर गई थी। इस दौरान बेटी ने जैसे ही दुकानदार से पानी मांगा तो उसने पास में स्थित एक दुकान से पानी मंगवाया। जैसे ही युवती ने पानी पिया तो उसे उल्टी शुरू हो गई। आनन फानन में उसने नगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर देख मेरठ के लिए रैफर किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
नगर के मोहल्ला अर्जुन नगर निवासी एक महिला ने कोतवाली में दर्ज मुकदमे में बताया कि बीती 10 जुलाई की शाम करीब 06:20 बजे वह अपनी 22 वर्षीय पुत्री के साथ मोहल्ले में ही स्थित अनुज वर्मा सुनार की दुकान पर गई थी। जहां पर युवती को अचानक से प्यास लगने लगी। जिस पर युवती ने सुनार से पानी मांगा। इस बीच सुनार ने पड़ोसी दुकानदार के पुत्र से पानी की बोतल लाने के लिए कहा। कुछ देर बाद पड़ोसी दुकानदार का लड़का ठंडे पानी की बोतल लेकर आया। जैसे ही उनकी पुत्री ने पानी पिया, तभी अचानक से वह उठकर बाहर भागी और उल्टी करने लगी.
यह देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन फानन में उसे नगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां पता लगा कि युवती को खतरनाक एसिड पिलाया गया है. जिसके बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखकर उसे मेरठ के लिए रैफर कर दिया गया। इस मामले में पीड़िता की मां ने आरोपी सुनार अनुज वर्मा और पड़ोसी दुकानदार के लड़के के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। एसएचओ सदर मनीष चौहान ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.