
Hapur News : सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गंगापुरा के बाहर सोमवार रात बाइक सवार दो युवकों ने एक बैंक में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को टक्कर मार दी. हादसे में युवक गंभीर रुप से घायल हो गया. जिसके बाद मोहल्ले के लोगों ने युवक को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे मेरठ के लिए रैफर कर दिया गया। मंगलवार सुबह उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
पुलिस के मुताबिक मोहल्ला गंगापुरा निवासी 35 वर्षीय राकेश गौतम यूको बैंक में चतुर्थ श्रणी कर्मचारी था। सोमवार रात को वह मोहल्ले के बाहर सड़क पार कर रहा था. तभी एक बाइक सवार दो युवकों ने राकेश गौतम को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राकेश गौतम मौके पर लहूलुहान हो गया. शोर सुनकर मौके पर मोहल्ले के लोग जमा होे गए. तभी बाइक सवार युवक मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने पास के अस्पताल में युवक को भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर देखकर उसे सरकारी अस्पताल में भेज दिया गया। यहां पर भी हालत में सुधार नहीं होने पर उस मेरठ के मेडिकल अस्पताल में रैफर कर दिया गया.
मंगलवार सुबह उपचार के दौरान राकेश गौतम ने दम तोड़ दिया. जैसे ही मोहल्ले में राकेश गौतम की मौत की सूचना मिली तो वहां पर शोक की लहर दौड़ गई। जबकि परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया है कि मृतक के पिता चंद्रकिरण मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं. मृतक के भाई ब्रजेश, सुरेश, नरेश व बहन का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था. इस मामले में एसएचओ सदर देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। बाइक सवार युवकों की तलाश कराई जा रही है.