सीसीटीएनएस की समीक्षा रैंकिंग में प्रदेश में हापुड़ पहले स्थान पर रहा, जबकि बुलंदशहर जिला 9वें स्थान पर रहा। प्रदेश में टाप-10 की सूची में शामिल दोनों जिलों के कप्तानों के कार्य की डीआईजी मेरठ रेंज ने सराहना की है। साथ ही रेंज को चारों जिले की पुलिस को भविष्य में निरंतर अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया है। डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी ने बताया, मुख्यालय पुलिस तकनीकी सेवाएं लखनऊ द्वारा प्रत्येक माह जनपदों की सीसीटीएनएस रैंकिंग जारी की जाती है, जिसके लिये 16 पैरामीटर्स चयनित किए गए है, जिसमे मुख्यतः डेटा सिंक, अपराध विश्लेषण पोर्टल, शिकायत का निस्तारण, गिरफ्तार और गुमशुदाओ की फीडिंग आदि प्रमुख है।
सभी जिलों की रैंकिंग जारी की गई
उन्होंने बताया, दिसंबर माह 2025 के डाटा के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों की रैंकिंग जारी की गई है। सर्वोच्च प्रदर्शन करने वाले प्रदेश के 10 जिलों में मेरठ रेंज के हापुड़ जिला प्रदेश में टॉप-10 की सूची में प्रथम स्थान पर रहा, जबकि बुलंदशहर नौ वें स्थान पर रहा। उन्होंने एसपी हापुड़ और एसएसपी बुलंदशहर की सीसीटीएनएस रैंकिंग में प्रदेश स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने पर प्रशंसा की।
निरंतर अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया
साथ ही रेंज के अन्य जिलों को भी पूर्ण मनोयोग से मुख्यालय द्वारा सीसीटीएनएस रैंकिंग के लिये चयनित पैरामीटर पर शत प्रतिशत फीडिंग करने के लिए कहा। उन्होंने रेंज के चारों जिलों की पुलिस को भविष्य में निरंतर अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया है।