Hapur News: देहात थाना क्षेत्र के मोहल्ला इंद्रगढ़ी निवासी दरोगा अजय कुमार की लखनऊ में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव लखनऊ में उनकी ही कार में शव मिला है। इसकी सूचना मिलने पर परिजन में कोहराम मच गया। आनन फानन में वह लखनऊ के लिए रवाना हो गए। देर रात जब उनका पार्थिव शव मोहल्ला इंद्रगढ़ी में पहुंचा तो लोगों का हजूम उमड़ पड़ा। पूरे सम्मान के साथ चौराखी स्थित शमशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। मृतक अजय कुमार लखनऊ के गाजीपुर थाने में तैनात थे।
परिजन में कोहराम मच गया
मिली जानकारी के अनुसार, देहात थाना थाना क्षेत्र के मोहल्ला इंद्रगढ़ी निवासी दरोगा अजय कुमार पिछले करीब चार साल से लखनऊ में तैनात थे। हाल ही में वह लखनऊ के गाजीपुर थाने में तैनात थे। शुक्रवार की दोपहर को अजय कुमार का शव उनकी कार में मिला। इसकी सूचना मिलते ही लखनऊ पुलिस में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने परिजन को अजय की मौत के बारे में सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन में कोहराम मच गया। साथ ही पूरे इंद्रगढ़ी में शोक की लहर दौड़ गई।
7 साल पहले हुई थी शादी
बताया जा रहा है कि अजय की करीब सात साल पहले कुचेसर रोड चौपला निवासी कोमल से शादी हुई थी। उसके दो बच्चे अथर (5 वर्ष) और अदविक (4 वर्ष) हैं। अजय के साथ उसकी पत्नी और बच्चे भी लखनऊ में रहते थे, लेकिन पिछले करीब एक माह से वह मोहल्ला इंद्रगढ़ी में ही आए हुए थे। अजय की मौत की सूचना मिलने पर उसकी पत्नी और अन्य परिजन लखनऊ पहुंचे। जहां पोस्टमार्टम के बाद अजय का शव लेकर मोहल्ला इंद्रगढ़ी में पहुंचे। लखनऊ से ही गार्द भी उनके पार्थिव शरीर के साथ आई थी।
पूरे सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई
जैसे ही दरोगा अजय कुमार का शव मोहल्ला इंद्रगढ़ी में पहुंचा तो पूरा मोहल्ला उनके अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़ा। जिसके बाद पूरे सम्मान के साथ उनकी अंतिम यात्रा को शुरू किया गया। चौराखी स्थित शमशान घाट में पूरे सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान हर व्यक्ति की आंख नम हो गई थी।
परिजनों का रो-रोकर हो गया बुरा हाल
दरोगा अजय कुमार के पार्थिव शरीर से लिपटकर उनकी पत्नी कोमल रो रही थी। जबकि उनकी माता का भी रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था। छोटे-छोटे मासूम बच्चे भी अपने पिता के शव को देखकर बिलख रहे थे। यह दृश्य देखकर हर कोई व्यक्ति गमगीन हो गया था। दुख की इस घड़ी में लोग मृतक के परिवार को सांत्वना देने का काम कर रहे थे। मोहल्ले में दरोगा अजय कुमार के बारे में ही चर्चा हो रही थी।