मध्य प्रदेश के हरदा जिले के कमताड़ा गांव में सोशल मीडिया पर फेमस होने की चाहत एक 15 वर्षीय किशोर की जान ले गई। देर रात श्मशान घाट में रील बनाने पहुंचे युवाओं के साथ ऐसा हादसा हुआ कि गांव में दहशत फैल गई। घटना के बाद पूरे गांव में डर और अशांति का माहौल है। परिजनों ने बेटे को इलाज के लिए इंदौर ले जाया, जहां उसकी मौत हो गई।
रात में श्मशान घाट पर रील बनाने पहुंचे युवा
जानकारी के अनुसार गांव के कुछ युवा देर रात श्मशान घाट पहुंचे थे। उनका मकसद सोशल मीडिया के लिए डरावना वीडियो बनाना था। इसके लिए उन्होंने तांत्रिक क्रियाओं जैसी गतिविधियां और मंत्रोच्चारण भी किया। इसी दौरान अचानक श्मशान से अजीबोगरीब आवाजें सुनाई देने लगीं। माहौल डरावना होते ही वहां मौजूद सभी युवक घबरा गए।
डर और तनाव में किशोर की तबीयत बिगड़ी
डर और तनाव के कारण गांव का ही 15 वर्षीय शिवम दमाड़े बेहोश होकर गिर पड़ा। साथी युवक उसे तत्काल घर लेकर पहुंचे, जिसके बाद परिजनों ने इलाज के लिए इंदौर ले जाने की कोशिश की। इलाज के दौरान 2 सितंबर को उसकी मौत हो गई। इस हादसे के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है और कई परिवारों ने छोटे बच्चों को एहतियातन रिश्तेदारों के घर भेज दिया है।
विद्वानों ने दी चेतावनी
गांव के पंडितों ने श्मशान घाट में रात के समय तांत्रिक क्रियाएं या वीडियो बनाने जैसी हरकतों को खतरनाक बताया है। उनका कहना है कि रात में अदृश्य शक्तियां सक्रिय रहती हैं और गलत क्रिया के दुष्परिणाम गंभीर हो सकते हैं। घटना के बाद गांव में विशेष पूजा-पाठ और हवन की तैयारियां की जा रही हैं ताकि नकारात्मक प्रभावों को कम किया जा सके।