टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की वापसी को लेकर बेहतरीन खबर सामने आई है। बड़ौदा टीम के हेड कोच मुकुंद परमार ने पुष्टि की है कि हार्दिक सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-2026 के ग्रुप स्टेज के अधिकतर मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे। एशिया कप में श्रीलंका के खिलाफ सुपर-4 मुकाबले में क्वाड्रिसेप्स इंजरी के बाद हार्दिक लंबे समय से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर थे। पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल मैच से भी वह बाहर रहे थे। ऐसे में उनकी फिटनेस को लेकर बड़ी चिंता थी, लेकिन अब बड़ौदा की ओर से खेलने की खबर ने फैंस और टीम इंडिया दोनों को राहत दी है।
कब खेलते दिखेंगे हार्दिक?
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का आयोजन 26 नवंबर से शुरू हो रहा है। बड़ौदा अपना पहला मैच बुधवार को बंगाल के खिलाफ खेलेगी। भले ही हार्दिक पहले मैच में न उतरें, लेकिन दूसरे मैच में उनके खेलने की उम्मीद बहुत ज्यादा है। इस टीम की कप्तानी हार्दिक के भाई क्रुणाल पांड्या कर रहे हैं। ऑलराउंडर की वापसी इसलिए भी अहम है, क्योंकि फरवरी-मार्च 2026 में भारत और श्रीलंका टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी करेंगे। टीम इंडिया इस टूर्नामेंट में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में उतरेगी, और हार्दिक की फिटनेस भारत की रणनीति का बड़ा हिस्सा है।
हार्दिक का इंटरनेशनल और IPL रिकॉर्ड
हार्दिक पांड्या भारत के सबसे भरोसेमंद ऑलराउंडर्स में गिने जाते हैं। उन्होंने अब तक 11 टेस्ट में 532 रन और 17 विकेट लिए हैं। वनडे में 94 मैचों में 1904 रन और 98 विकेट व टी20 इंटरनेशनल में 120 मैचों में 1860 रन और 91 विकेट उनके नाम हैं। आईपीएल की बात करें तो वह 2026 सीजन में भी मुंबई इंडियंस की कप्तानी करेंगे। उन्होंने अपनी कप्तानी में गुजरात टाइटंस को आईपीएल चैंपियन बनाया और 152 आईपीएल मैचों में 2749 रन और 78 विकेट अपने खाते में जोड़े हैं। उनकी फिटनेस और प्रदर्शन दोनों ही भारत की टी20 वर्ल्ड कप तैयारी के लिए बेहद अहम रहेंगे।
इसे भी पढ़ें : फिर एक बार Gambhir की कोचिंग में मुश्किल में Team India, टेस्ट क्रिकेट में गिरावट, रिकॉर्ड्स देख दंग रह जाएंगे !
टीम इंडिया के लिए अच्छी खबर क्यों?
टी20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले हार्दिक पांड्या की वापसी टीम इंडिया के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकती है। उनकी गेंदबाजी और आक्रामक बल्लेबाजी भारत की बैलेंस्ड प्लेइंग-इलेवन का सबसे बड़ा हिस्सा है। पिछले कुछ महीनों से टीम को उनके रिप्लेसमेंट की खोज करनी पड़ रही थी, लेकिन अब हार्दिक के फिट होकर वापसी की खबर ने चयनकर्ताओं और फैंस दोनों को उत्साहित कर दिया है। मंगलवार शाम 6:30 बजे टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पूरा शेड्यूल जारी होना है और उससे पहले यह खबर टीम इंडिया के लिए किसी बोनस की तरह आई है।