Hardik Pandya Comeback : टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की वापसी का इंतजार और लंबा हो सकता है। लगातार चोटों से जूझ रहे हार्दिक को भारतीय टीम में लौटने से पहले घरेलू क्रिकेट में अपनी फिटनेस और खेल साबित करना होगा। कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बात के संकेत दिए। गिल ने साफ कहा कि हार्दिक जल्द मैदान पर लौट सकते हैं, लेकिन उससे पहले उन्हें कुछ घरेलू मुकाबले खेलने होंगे।
टीम के लिए कितने जरूरी हैं हार्दिक?
शुभमन गिल ने हार्दिक पंड्या की तारीफ करते हुए कहा कि उनके जैसा कौशल रखने वाले खिलाड़ी दुनिया में बहुत कम हैं। वह नई और पुरानी दोनों गेंदों से गेंदबाजी कर सकते हैं। इसके अलावा वनडे टीम में नंबर-7 या नंबर-8 पर बल्लेबाजी करते हुए आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाने की क्षमता भी रखते हैं। गिल के मुताबिक, हार्दिक से उनकी कई बार बातचीत हुई है और उन्हें उम्मीद है कि वह जल्द वापसी करेंगे।
चोटों ने बढ़ाई मुश्किलें
हार्दिक ने आखिरी बार आईपीएल 2026 के दौरान 24 मई को प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेला था। टूर्नामेंट के दौरान पीठ में ऐंठन के कारण उन्हें मुंबई इंडियंस के तीन मुकाबले छोड़ने पड़े थे। इसके बाद उन्होंने वापसी की, लेकिन फिर मैदान से दूर हो गए। जून में रिहैबिलिटेशन के दौरान उनकी जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया। इस वजह से वह अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए।
एक के बाद दूसरी चोट से बिगड़ा कार्यक्रम
पूरी फिटनेस हासिल नहीं कर पाने के कारण हार्दिक इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज भी नहीं खेल सके। अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले अभ्यास के दौरान उनके घुटने के आसपास दर्द हुआ। सितंबर में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए उन्हें फिटनेस मंजूरी की शर्त पर इंडिया ए टीम में शामिल किया गया था। लेकिन अक्टूबर में हुए स्कैन में दाहिनी पिंडली में चोट का पता चला। डॉक्टरों ने उन्हें दो सप्ताह आराम की सलाह दी, जिसके चलते वह इस सीरीज से भी बाहर हो गए।
सैयद मुश्ताक अली और विजय हजारे पर नजर
अब हार्दिक की वापसी के लिए घरेलू क्रिकेट अहम हो सकता है। नवंबर और दिसंबर में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी खेली जानी हैं। माना जा रहा है कि हार्दिक इनमें से किसी एक टूर्नामेंट के जरिए प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी कर सकते हैं। हालांकि, उनका खेलना पूरी तरह फिटनेस पर निर्भर करेगा। घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन और फिटनेस साबित करने के बाद ही भारतीय टीम में उनकी वापसी का रास्ता साफ हो सकता है।
इसे भी पढ़ें : Hardik Pandya Trade: हार्दिक को चाहिए KKR की कप्तानी, लेकिन मुंबई ने रख दी बड़ी शर्त! रिंकू-नरेन और वरुण को छोड़ने को तैयार नहीं कोलकाता
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज 4 नवंबर से 15 नवंबर तक खेली जाएगी। इसके बाद 19 नवंबर से दोनों टीमों के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज शुरू होगी। हार्दिक इस पूरी व्हाइट बॉल सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। भारतीय टीम 2027 वनडे विश्व कप की तैयारी कर रही है और ऐसे में हार्दिक जैसे ऑलराउंडर की गैरमौजूदगी टीम के लिए बड़ा झटका है। अब सबकी नजर उनकी फिटनेस और घरेलू क्रिकेट में वापसी पर रहेगी।