Hardik Pandya KKR Trade : आईपीएल 2027 से पहले हार्दिक पंड्या के ट्रेड को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) मुंबई इंडियंस के इस ऑलराउंडर को अपनी टीम में शामिल करने की कोशिश कर रही है। अजिंक्य रहाणे के संन्यास के बाद कोलकाता को नए कप्तान की जरूरत है। ऐसे में हार्दिक इस भूमिका के लिए मजबूत दावेदार हो सकते हैं। वह पहले गुजरात टाइटंस को अपनी कप्तानी में आईपीएल का खिताब भी जिता चुके हैं। हालांकि, अभी दोनों टीमों के बीच ट्रेड को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
फिटनेस बनी हार्दिक के रास्ते की चुनौती
हार्दिक की कप्तानी और खेल को लेकर कोलकाता के अधिकारियों का भरोसा बताया जा रहा है, लेकिन उनकी फिटनेस चिंता का विषय बनी हुई है। पिछले आईपीएल के बाद से उन्होंने कोई मुकाबला नहीं खेला है। 'द टेलीग्राफ' की रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआती बातचीत के बाद KKR ने हार्दिक को लेकर ज्यादा उत्साह नहीं दिखाया था। इसकी बड़ी वजह उनकी चोट और फिटनेस से जुड़ी चिंताएं थीं। हालांकि, टीम के बड़े अधिकारी उनकी कप्तानी और खेल को समझने की क्षमता को अहम मानते हैं।
मुंबई ने मांगे हर्षित राणा और अंगकृष
हार्दिक के ट्रेड में सबसे बड़ी अड़चन मुंबई इंडियंस की मांग बन सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई ने हार्दिक के बदले कोलकाता से हर्षित राणा और अंगकृष रघुवंशी को मांगा है। अंगकृष 22 साल के हैं और घरेलू क्रिकेट में अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्हें भारतीय क्रिकेट की उभरती प्रतिभाओं में गिना जाता है। मुंबई को एक भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज की भी जरूरत है, इसलिए अंगकृष उसके लिए अहम हो सकते हैं। लेकिन कोलकाता के लिए उन्हें छोड़ना आसान नहीं होगा।
रिंकू, नरेन और वरुण पर KKR का साफ रुख
कोलकाता अपनी टीम के बड़े मैच विनर्स को हार्दिक के बदले छोड़ने के मूड में नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक, सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती को लेकर टीम कोई समझौता नहीं करना चाहती। रिंकू सिंह को लेकर भी KKR का रुख साफ बताया जा रहा है। ऐसे में मुंबई की मांग और कोलकाता की शर्तों के बीच सहमति बनना आसान नहीं दिख रहा। ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन का नाम भी विकल्प के तौर पर सामने आया था, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के व्यस्त कार्यक्रम के कारण उनके पूरे आईपीएल में उपलब्ध रहने पर सवाल हैं।
यशस्वी और बिश्नोई पर भी मुंबई की नजर
मुंबई इंडियंस सिर्फ हार्दिक के ट्रेड पर ही काम नहीं कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, टीम राजस्थान रॉयल्स के यशस्वी जायसवाल और रवि बिश्नोई को भी अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर रही है। मुंबई को एक भारतीय स्पिनर की जरूरत है और बिश्नोई इस कमी को पूरा कर सकते हैं। वहीं, यशस्वी को टीम में शामिल करने से उसकी बल्लेबाजी मजबूत हो सकती है। हालांकि, इन दोनों खिलाड़ियों को लेकर भी बातचीत में अभी कोई खास प्रगति नहीं हुई है। चेन्नई सुपर किंग्स ने भी हार्दिक में शुरुआती दिलचस्पी दिखाई थी, लेकिन वह उन्हें कप्तानी देने की स्थिति में नहीं है।
इसे भी पढ़ें : Gautam Gambhir Speech: 'तुमने माहौल सेट कर दिया...', न्यूजीलैंड से टी20 सीरीज जीतने के बाद खिलाड़ियों से क्या बोले गंभीर?
15 नवंबर तक खिलाड़ियों को करना होगा रिटेन
आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले खिलाड़ियों को रिटेन करने की आखिरी तारीख 15 नवंबर बताई गई है। ऑक्शन 16 दिसंबर को गोवा में होना है। मुंबई चाहती है कि हार्दिक का ट्रेड ऑक्शन से पहले पूरा हो जाए, ताकि टीम अपनी आगे की तैयारी कर सके। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों फ्रेंचाइजी के बीच इसी सप्ताह फिर बातचीत हो सकती है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या कोलकाता हार्दिक के लिए अंगकृष रघुवंशी को छोड़ने को तैयार होगी? इसी पर इस ट्रेड का भविष्य टिका हुआ है।