टीम इंडिया के लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद पूरे देश में खुशी का माहौल बना हुआ है। अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को हराकर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की। इस जीत के बाद खिलाड़ी जश्न में डूबे हुए हैं और अपने अपने घर लौट चुके हैं। कई शहरों में खिलाड़ियों का शानदार स्वागत भी किया गया। हालांकि इस खुशी के माहौल के बीच अब एक नया विवाद सामने आ गया है।
हार्दिक पंड्या के खिलाफ शिकायत दर्ज
टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या के खिलाफ पुणे में एक शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत शिवाजीनगर पुलिस थाने में दी गई है। शिकायत करने वाले व्यक्ति का कहना है कि जीत के जश्न के दौरान राष्ट्रीय ध्वज का अपमान हुआ है। उन्होंने इस मामले में पुलिस से कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है और पूरे मामले की जांच की बात कही है।
वकील ने लगाए तिरंगे के अपमान के आरोप
यह शिकायत पुणे के एक वकील वाजिद खान ने दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि मैच खत्म होने के बाद जश्न के दौरान हार्दिक पंड्या ने राष्ट्रीय ध्वज को अपने शरीर पर लपेट लिया था। उनका कहना है कि जिस तरह से यह दृश्य सामने आया, उससे राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान प्रभावित होता दिखाई देता है। इसी आधार पर उन्होंने पुलिस से इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
जश्न के दौरान का बताया जा रहा है मामला
यह पूरा मामला फाइनल मुकाबले के बाद मैदान पर हुए जश्न से जुड़ा बताया जा रहा है। अवॉर्ड समारोह खत्म होने के बाद खिलाड़ी अपने परिवार और साथियों के साथ मैदान पर जश्न मना रहे थे। इसी दौरान हार्दिक पंड्या भी अपने करीबी लोगों के साथ खुशी के पल साझा करते नजर आए। इसी दौरान कुछ तस्वीरें और वीडियो सामने आए, जिनको लेकर अब विवाद खड़ा हो गया है।
इसे भी पढ़ें : Delhi में होने जा रहा बड़ा क्रिकेट सम्मान समारोह, ICC ट्रॉफी जीतने वाली भारत की 5 टीमों को मिलेगा खास सम्मान
पोडियम पर बैठे और लेटे नजर आए खिलाड़ी
बताया जा रहा है कि जश्न के दौरान हार्दिक पंड्या पोडियम पर बैठे हुए दिखाई दिए थे। उस समय उन्होंने अपने शरीर पर तिरंगा लपेटा हुआ था। कुछ समय बाद वह अपनी साथी के साथ उसी पोडियम पर कुछ सेकेंड के लिए लेटे हुए भी नजर आए। इसी दृश्य को लेकर शिकायतकर्ता ने आपत्ति जताई है और इसे राष्ट्रीय ध्वज का अपमान बताया है।
पुलिस ने जांच शुरू की
फिलहाल पुलिस ने इस मामले में अभी प्राथमिकी दर्ज नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जा रही है। अगर जांच में कोई नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरी ओर इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी अलग अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।