
टीम इंडिया की महिला क्रिकेट बॉस हरमनप्रीत कौर ने इतिहास रच दिया. साउथ अफ्रीका को 52 रनों से हराकर भारत ने पहली बार ICC महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 अपने नाम किया. मैदान पर उनकी कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों का जलवा देखने लायक रहा लेकिन हरमनप्रीत सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं हैं कमाई और लाइफस्टाइल के मामले में भी वो किसी स्टार से कम नहीं। मुंबई से लेकर पटियाला तक उनकी लग्जरी प्रॉपर्टीज और करोड़ों की नेटवर्थ अब चर्चा में हैं.
25 करोड़ रुपये की नेटवर्थ
क्रिकट्रैकर की रिपोर्ट के मुताबिक, हरमनप्रीत कौर की कुल संपत्ति करीब 25 करोड़ रुपये है. इसमें उनकी क्रिकेट कमाई, विज्ञापन डील्स और सैलरी शामिल हैं. हरमन BCCI की A ग्रेड कॉन्ट्रैक्ट खिलाड़ी हैं, जिससे उन्हें हर साल 50 लाख रुपये मिलते हैं. इसके अलावा हर टेस्ट मैच के लिए 15 लाख, वनडे के लिए 6 लाख और टी20 मैच के लिए 3 लाख रुपये मिलते हैं. उनकी 2017 की 171 रनों की यादगार पारी आज भी क्रिकेट इतिहास का हिस्सा है. मैदान पर उनका बल्ला और बैंक अकाउंट दोनों तेजी से रन बनाते हैं.
WPL और विदेशी लीग्स से करोड़ों की इनकम
हरमनप्रीत सिर्फ इंटरनेशनल क्रिकेट में ही नहीं, बल्कि महिला प्रीमियर लीग में भी बड़ा नाम हैं. मुंबई इंडियंस की कप्तान के तौर पर वो हर सीजन 1.80 करोड़ रुपये की सैलरी पाती हैं. इसके अलावा वो विदेशी टी20 लीग्स में भी खेल चुकी हैं, जहां से उन्हें मोटी कमाई होती है. इतना ही नहीं, हरमन पंजाब पुलिस में DSP के पद पर तैनात हैं, जिससे उनकी सालाना सैलरी और भी बढ़ जाती है
लग्जरी बंगला, महंगी बाइक से पहचान
हरमनप्रीत कौर का लाइफस्टाइल भी स्टार खिलाड़ियों जैसा है. पटियाला में उनका आलीशान बंगला उनकी मेहनत की पहचान है, जहां वो अपने परिवार के साथ रहती हैं. इसके अलावा मुंबई में भी उनके पास एक लग्जरी अपार्टमेंट है, जिसे उन्होंने साल 2013 में खरीदा था. कार और बाइक के शौक में भी वो पीछे नहीं है, उनके गैराज में विंटेज जीप और Harley-Davidson बाइक जैसी रॉयल मशीनें हैं. वहीं, वो PUMA, CEAT, HDFC Life, TATA Safari, Boost, ITC और Asian Paints जैसे ब्रांड्स की एंबेसडर हैं, जिनसे उन्हें हर साल 40-50 लाख रुपये तक की इनकम होती है.