Harshit Rana Comeback : भारतीय क्रिकेट टीम का न्यूजीलैंड दौरा 22 अक्टूबर से शुरू होने वाला है। पहले दोनों देशों के बीच पांच टी20 मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद पांच वनडे और दो टेस्ट मैचों की सीरीज होगी। टी20 टीम का ऐलान हो चुका है, लेकिन वनडे और टेस्ट टीम का इंतजार है। इस बीच तेज गेंदबाज हर्षित राणा को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। चोट से जूझ रहे हर्षित को दोनों प्रारूपों में जगह देने पर विचार किया जा रहा है।
वनडे और टेस्ट में मिल सकता है मौका
हर्षित राणा तेज गेंदबाजी के साथ निचले क्रम में बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। इसी वजह से चयनकर्ता उन्हें वनडे और टेस्ट, दोनों टीमों में शामिल करना चाहते हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, टीम प्रबंधन उन्हें आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में देख रहा है। हालांकि, उनकी वापसी का फैसला फिटनेस और रिहैब पूरा होने पर निर्भर करेगा।
आठ महीने में तीन बार लगी चोट
24 साल के हर्षित राणा के लिए फिटनेस बड़ी चुनौती बनी हुई है। इस साल की शुरुआत में टी20 विश्व कप के अभ्यास मैच से पहले वह चोटिल हो गए थे। इसके कारण वह टूर्नामेंट में नहीं खेल सके। इसके बाद आईपीएल 2026 में भी हिस्सा नहीं लिया। आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर उन्होंने पांच मुकाबले खेले, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई। जुलाई से वह मैदान से बाहर हैं।
वापसी से पहले फिर आई परेशानी
इंग्लैंड दौरे के बाद हर्षित की वापसी की उम्मीद थी। उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भी चुना गया था। एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में भी उनका नाम शामिल था। लेकिन रिहैब के दौरान उन्हें फिर चोट लग गई। सात सितंबर को अभ्यास जैसे मुकाबले में गेंदबाजी करते समय उनकी जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया। इसके बाद से उनकी वापसी पर सवाल बने हुए हैं।
गेंद और बल्ले दोनों से उपयोगी
हर्षित ने अब तक भारत के लिए दो टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें उनके नाम चार विकेट हैं। 14 वनडे मुकाबलों में वह 26 विकेट ले चुके हैं। वहीं, 14 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उन्होंने 16 विकेट हासिल किए हैं। उनके इन आंकड़ों और बल्लेबाजी की क्षमता को देखते हुए टीम प्रबंधन उन्हें अहम विकल्प मान रहा है। हालांकि, लगातार चोटिल होने से उनकी उपलब्धता पर असर पड़ा है।
इसे भी पढ़ें : IND vs WI: हैदराबाद की हार पर श्रेयस अय्यर का गेंदबाजों पर हमला, 247 रन लुटाकर टीम इंडिया ने गंवाया मैच
फिटनेस तय करेगी न्यूजीलैंड दौरे का भविष्य
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज चार नवंबर से शुरू होनी है। चयनकर्ता हर्षित राणा के अलावा ऋषभ पंत और प्रसिद्ध कृष्णा की फिटनेस का भी इंतजार कर रहे हैं। हर्षित अगर समय पर पूरी तरह फिट हो जाते हैं, तो उन्हें वनडे और टेस्ट टीम में जगह मिल सकती है। अब देखना होगा कि वह चोट से उबरकर कब तक मैदान पर लौटते हैं।