
ADG Y Puran Kumar suicide case: हरियाणा सरकार ने आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार की आत्महत्या मामले में कड़ा कदम उठाते हुए रोहतक के पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र बिजारनिया का तबादला कर दिया है। उनके स्थान पर आईपीएस अधिकारी सुरिंदर सिंह भोरिया को नया एसपी नियुक्त किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई सुसाइड के चार दिन बाद की गई, और कुमार के परिवार की ओर से की गई शिकायतों और दबाव के बाद यह कदम उठाया गया।
अधिकारियों पर आरोप
एडीजी वाई पूरन कुमार ने कुछ दिन पहले चंडीगढ़ स्थित अपने आवास पर कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। उनके सुसाइड नोट में कुछ वरिष्ठ अधिकारियों, जिनमें बिजारनिया भी शामिल हैं, पर जाति-आधारित भेदभाव, मानसिक उत्पीड़न और सार्वजनिक अपमान जैसी गंभीर शिकायतें दर्ज थीं। परिवार ने उनकी आत्महत्या के पीछे इन अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। कुमार का अंतिम संस्कार अभी तक स्थगित है, क्योंकि परिवार ने अधिकारियों पर कार्रवाई होने के बाद ही उन्हें अंतिम विदाई देने की बात कही है।
शिकायत और आगे की कार्रवाई
कुमार की पत्नी अमनीत कुमार ने बुधवार को चंडीगढ़ पुलिस को शिकायत दी थी। इसमें उन्होंने हरियाणा के डीजीपी और रोहतक के एसपी बिजारनिया के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और एससी/एसटी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की थी। सरकारी आदेश के अनुसार सुरिंदर सिंह भोरिया को रोहतक का नया एसपी नियुक्त कर दिया गया है और बिजारनिया की नई तैनाती के आदेश अलग से जारी किए जाएंगे। इस कदम से स्पष्ट संदेश गया है कि राज्य सरकार इस गंभीर मामले में जवाबदेही सुनिश्चित करना चाहती है।