लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी से दबंगों ने सोशल मीडिया पर दोस्ती की। फिर मिलने के लिए बुलाया और गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, पारा थाना क्षेत्र की नरपत खेड़ा डूडा कॉलोनी की रहने वाली शीतल (16 ) 13 जनवरी की शाम करीब सात बजे अपने घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन जब वह नहीं मिली तो पुलिस को सूचना दी गई। कुछ दिनों बाद किशोरी का शव रेलवे ट्रैक पर मिला, जिसके बाद पुलिस ने उसकी मां पिंकी पत्नी राजकिशोर की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस जांच में सामने आया कि किशोरी की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए काकोरी थाना क्षेत्र के पठानखेड़ा निवासी अंशू गौतम उर्फ लक्की से हुई थी। अंशू ने उसे शादी का झांसा दिया था।
पुलिस के मुताबिक, इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद प्रेम प्रसंग ही हत्या की वजह बना। अंशू के साथ उसके साथी आशिक, वैभव और रिशू भी इस वारदात में शामिल थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आपसी विवाद के बाद उन्होंने किशोरी का गला दबाकर हत्या कर दी। शव की पहचान छिपाने के लिए उसे रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर सुरेश सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपी आशिक, अंशू, वैभव और रिशू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले में संबंधित कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है, जिसमें नाबालिग से जुड़े होने के कारण पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी शामिल हैं।