अगर आपका हेल्थ इंश्योरेंस प्रीमियम लगातार बढ़ रहा है, तो आपके लिए अच्छी खबर है। सरकार स्वास्थ्य बीमा क्षेत्र में मनमाने तरीके से बढ़ाए जाने वाले प्रीमियम पर रोक लगाने की तैयारी कर रही है। देश में मेडिकल इन्फ्लेशन 11.5% तक पहुंचने के कारण इलाज का खर्च हर साल बढ़ रहा है और इसका सीधा असर लोगों के बीमा प्रीमियम पर पड़ रहा है। सरकार चाहती है कि अब कंपनियां ग्राहक की जेब पर बोझ डालकर प्रीमियम बढ़ाने की स्वतंत्रता का गलत इस्तेमाल न करें।
एजेंट कमीशन पर सख्ती, पारदर्शिता को लेकर कदम
सरकार के प्रस्ताव के तहत एजेंट कमीशन में भी बदलाव की तैयारी है। एजेंट कमीशन को 20% तक सीमित करने और सालाना रिन्यूअल पर यह कमीशन 10% से अधिक न रखने का सुझाव दिया गया है। इसके साथ ही अस्पतालों और बीमा कंपनियों द्वारा मनमर्जी से तय किए जाने वाले पैकेज रेट पर भी नियंत्रण लगाया जा सकता है। सरकार का लक्ष्य है कि हर हॉस्पिटल बिल, क्लेम और डिस्चार्ज समरी पूरी तरह पारदर्शी हो, जिससे ग्राहक को इलाज का असली खर्च और बीमा कवरेज का सही लाभ मिल सके।
ये भी पढ़ें : पैसों की जरूरत पर बढ़ रहा NBFC का विकल्प, जानें Tata Capital, Bajaj Finance और Shriram Finance की ब्याज दरें
अस्पतालों और बीमा कंपनियों की मिलीभगत पर भी लगाम!
कई बार शिकायतें सामने आई हैं कि अस्पताल और बीमा कंपनियां मिलकर पैकेज रेट बढ़ा देती हैं, जिसका सीधा असर प्रीमियम पर पड़ता है। आने वाले नए नियम इस तरह की प्रक्रियाओं को रोकने पर केंद्रित होंगे। क्लेम निपटान से लेकर पैकेज रेट तय करने तक, हर स्तर पर पारदर्शिता लाने की दिशा में सरकार काम कर रही है। इससे न सिर्फ मरीजों को सही बिल मिलेगा, बल्कि बीमा कंपनियां भी इलाज की लागत को पारदर्शी आधार पर तय करेंगी।
Insurance For All 2047 लक्ष्य के लिए बड़ा कदम
हाल ही में GST में कमी किए जाने के बावजूद कई बीमा कंपनियों ने प्रीमियम बढ़ा दिया था, जिससे ग्राहकों को कोई राहत नहीं मिली। सरकार की नई योजना का उद्देश्य आम लोगों पर आर्थिक बोझ को कम करना है। साथ ही साल 2047 तक हर नागरिक को बीमा सुविधा उपलब्ध कराने के लक्ष्य को पूरा करने में भी यह कदम महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। आने वाले नियम लागू होने पर लाखों लोगों को बढ़ते हेल्थ इंश्योरेंस खर्च से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।