Tea And Health: भारत में सुबह की शुरुआत बिना चाय के अधूरी मानी जाती है। किसी को आँख खुलते ही 'बेड टी' चाहिए, तो कोई दफ्तर के काम के बीच दिनभर में कई कप चाय पी जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी उम्र और सेहत के हिसाब से कितनी चाय पीना सही है? हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो जरूरत से ज्यादा चाय पीने की आदत धीरे-धीरे आपके शरीर पर बुरा प्रभाव डाल सकती है।
ग्रीन टी बेहतर विकल्प
एक हेल्थ वेबसाइट के मुताबिक, चाय में कैफीन और कुछ ऐसे कंपाउंड्स होते हैं जो शरीर को तुरंत एनर्जी तो देते हैं, लेकिन ज्यादा मात्रा में लेने पर नुकसान भी पहुंचाते हैं। आजकल लोग नॉर्मल दूध वाली चाय की जगह ग्रीन टी को एक बेहतर और हेल्दी विकल्प के रूप में पसंद कर रहे हैं।
ग्रीन टी है फायदेमंद
ग्रीन टी में 'कैटेचिन' नाम का एक दमदार एंटीऑक्सीडेंट पाया जाता है। रिसर्च में इन्हें हार्ट डिजीज, टाइप-2 डायबिटीज और कुछ तरह के कैंसर के खतरे को कम करने से जोड़ा गया है। रिसर्च के मुताबिक, ग्रीन टी मेटाबॉलिज्म बढ़ाने और फैट बर्निंग में भी मदद कर सकती है। नियमित रूप से ग्रीन टी पीने वाले लोगों में वजन कंट्रोल और ओवरऑल हेल्थ बेहतर देखी गई।
एक दिन में कितने कप चाय है सही?
एक्सपर्ट्स के अनुसार, चाय की सही मात्रा, उम्र, हेल्थ कंडीशन और लाइफस्टाइल पर निर्भर करती है। आमतौर पर किशोर और युवाओं को दिनभर में 1 से 2 कप कैफीन वाली चाय पीनी चाहिए। एक स्वस्थ वयस्क सेहत के फायदों के लिए 3 से 5 कप ग्रीन टी पी सकते हैं। कई स्टडीज में यह मात्रा हेल्थ बेनिफिट्स के लिए बेहतर बताई गई है।
यह भी पढ़ें: Health Tips: आम खाने के बाद भूलकर भी न खाएं ये चीजें, सेहत को हो सकता है गंभीर नुकसान!
ज्यादा चाय पीने से क्या होता है?
डॉक्टरों का कहना है कि अगर आप जरूरत से ज्यादा चाय पीते हैं, तो शरीर में कैफीन की मात्रा बढ़ जाती है। जिससे आपको घबराहट, बेचैनी और एंग्जायटी, सिर दर्द जैसी समस्याएं हो सकती है। साथ ही नींद न आना या रात में बार-बार आंख खुलना जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, गर्भावस्था के दौरान ज्यादा कैफीन लेना बच्चे की सेहत के लिए जोखिम भरा हो सकता है।
इन बातों का रखें ध्यान
हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि चाय पीने का समय बहुत मायने रखता है। सुबह खाली पेट चाय पीने से एसिडिटी और पाचन संबंधी समस्या हो सकती है। वहीं खाने के तुरंत बाद चाय पीने से शरीर में आयरन का अब्जार्व कम हो सकता है। डॉक्टर्स का कहना है कि आपको चाय पूरी तरह से छोड़ने की जरूरत नहीं है। लेकिन इसकी मात्रा और समय का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।