Health Tips: आजकल की तेज़-तर्रार जीवनशैली और प्रदूषित वातावरण में सांस से जुड़ी समस्याएं आम हो गई हैं. खासकर उम्र बढ़ने, मोटापा, अस्थमा, एनीमिया या फेफड़ों की कमजोरी के कारण बहुत से लोग सांस फूलने (Dyspnea) की शिकायत करते हैं. यह समस्या चलते समय, सीढ़ियां चढ़ते समय या हल्की मेहनत में भी महसूस होती है. ऐसे में घरेलू उपायों में चुकंदर को बहुत फायदेमंद माना गया है, खासकर जब इसे भूनकर खाया जाए. भुना हुआ चुकंदर न सिर्फ स्वाद में बेहतर होता है, बल्कि इसके औषधीय गुण भी शरीर में आसानी से अवशोषित होते हैं.
चुकंदर आयरन, नाइट्रेट, फोलेट, पोटैशियम, विटामिन C और फाइब से भरपूर होता है. इसमें प्राकृतिक नाइट्रेट्स पाए जाते हैं जो शरीर में जाकर नाइट्रिक ऑक्साइड में बदलते हैं. यह गैस रक्त वाहिकाओं को फैलाकर रक्त संचार को बेहतर बनाती है और हृदय तथा फेफड़ों पर दबाव कम करती है. जब रक्त संचार सुधरता है तो ऑक्सीजन का प्रवाह शरीर के विभिन्न हिस्सों तक आसानी से पहुंचता है, जिससे सांस फूलने की समस्या में राहत मिलती है.
भुना हुआ चुकंदर विशेष रूप से पाचन को भी मजबूत करता है और शरीर को ऊर्जा प्रदान करता है. सांस फूलने के कई मामलों में थकान और कमजोरी एक बड़ी वजह होती है. चुकंदर में आयरन की मात्रा अधिक होती है, जो शरीर में हीमोग्लोबिन बढ़ाकर ऑक्सीजन की आपूर्ति को बेहतर करता है. यह विशेष रूप से एनीमिया के मरीजों के लिए लाभकारी है, जिनमें सांस फूलने की समस्या ज्यादा पाई जाती है.
इसके अलावा चुकंदर में एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं जो फेफड़ों की कोशिकाओं को मुक्त कणों से होने वाले नुकसान से बचाते हैं. भुना हुआ चुकंदर शरीर में सूजन को कम करने में भी सहायक होता है, जिससे फेफड़ों की कार्यक्षमता बेहतर होती है.
भुना हुआ चुकंदर बनाना भी आसान है — इसे अच्छी तरह धोकर पतले स्लाइस में काटें, थोड़े से तेल और नमक के साथ तवे या ओवन में भूनें और गरमागरम खाएं. रोजाना या हफ्ते में 3-4 बार इसका सेवन करना सांस संबंधी समस्याओं में लाभकारी हो सकता है. सांस फूलने की समस्या को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है.
ऐसे में भुना हुआ चुकंदर एक सरल, प्राकृतिक और पौष्टिक उपाय है, जो शरीर को ऑक्सीजन पहुंचाने की प्रक्रिया को बेहतर बनाता है और फेफड़ों की ताकत को बढ़ाता है. नियमित सेवन से यह एक असरदार घरेलू उपचार बन सकता है.