हेल्दी आम दोई कैसे बनाते हैं? गर्मियों के मौसम में आम खाना लगभग हर किसी को पसंद होता है। वहीं, अगर आम से बनी कोई हेल्दी और स्वादिष्ट डिश मिल जाए तो बात ही अलग हो जाती है। हाल ही में श्रेया ने अपने सोशल मीडिया पर हेल्दी आम दोई की एक आसान रेसिपी शेयर की, जो लोगों को काफी पसंद आ रही है। खास बात यह है कि इस रेसिपी में चीनी का इस्तेमाल नहीं किया जाता। इसकी मिठास के लिए खजूर का उपयोग किया जाता है, जिससे यह डिश स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहतमंद भी बन जाती है.
खजूर से आएगी नेचुरल मिठास
आमतौर पर आम दोई या मीठी दही बनाने के लिए चीनी या कंडेंस्ड मिल्क का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन श्रेया की इस रेसिपी में खजूर का उपयोग किया गया है। खजूर में प्राकृतिक मिठास होती है और यह फाइबर, आयरन और मिनरल्स से भरपूर होता है। ऐसे में यह रेसिपी बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी के लिए बेहतर विकल्प बन सकती है.
रेसिपी के लिए क्या चाहिए
इस हेल्दी आम दोई को बनाने के लिए पका हुआ मीठा आम, दही, दूध और कुछ खजूर की जरूरत होती है। सबसे पहले खजूर के बीज निकालकर उन्हें हल्के गर्म दूध में करीब 15 से 20 मिनट तक भिगोकर रखना होता है। इससे खजूर नरम हो जाते हैं और आसानी से ब्लेंड हो जाते हैं.
इसके बाद मिक्सर में आम के टुकड़े, भीगे हुए खजूर और थोड़ा सा दूध डालकर स्मूद पेस्ट तैयार किया जाता है। अब इस मिश्रण को दही में मिलाकर अच्छे से फेंट लिया जाता है। चाहें तो इसमें इलायची पाउडर या केसर भी मिला सकते हैं, जिससे इसका स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं.
फ्रिज में रखें और ठंडा सर्व करें
तैयार मिश्रण को छोटे बाउल या मिट्टी के कुल्हड़ में डालकर 2 से 3 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें। ठंडा होने के बाद यह आम दोई खाने में बेहद क्रीमी और स्वादिष्ट लगती है। ऊपर से कटे हुए ड्राई फ्रूट्स या आम के छोटे टुकड़े डालकर इसे सर्व किया जा सकता है.
सेहत और स्वाद का परफेक्ट कॉम्बिनेशन
यह हेल्दी आम दोई उन लोगों के लिए भी अच्छा विकल्प है जो फिटनेस का ध्यान रखते हैं या चीनी से दूरी बनाना चाहते हैं। इसमें मौजूद दही पेट के लिए फायदेमंद होती है, जबकि आम शरीर को एनर्जी देने का काम करता है। खजूर की मिठास इसे बिना अतिरिक्त चीनी के भी बेहद टेस्टी बना देती है.