भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और लक्षद्वीप के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। भरी बारिश के अलर्ट को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चिंता जताई है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मदद करने की अपील की है।
कई जगहों पर भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, कोमोरिन क्षेत्र तथा उससे सटे दक्षिण तमिलनाडु और केरल के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से आगामी दिनों में कई इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना है। आईएमडी के मुताबिक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 22 से 26 अक्टूबर, केरल में 22 से 25 अक्टूबर और लक्षद्वीप में 22 से 24 अक्टूबर के दौरान कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है।
तमिलनाडु में हो रही भारी बारिश
इस बीच, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने तमिलनाडु में हो रही भारी बारिश को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा कि उनकी संवेदनाएं बारिश से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं।
प्रभावित लोगों की विशेष रूप से सहायता करें
राहुल गांधी ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राहत कार्यों में मदद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर काम करें और बुजुर्गों एवं सबसे अधिक प्रभावित लोगों की विशेष रूप से सहायता करें।
सबसे कमजोर लोगों पर विशेष ध्यान दें
उन्होंने लिखा, "तमिलनाडु में भारी बारिश से प्रभावित सभी लोगों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। मैं कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि वे प्रभावित परिवारों तक पहुंचें और राहत कार्यों में सहायता करें। स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करें और बुजुर्गों तथा सबसे कमजोर लोगों पर विशेष ध्यान दें।"
अक्टूबर तक भारी से बहुत भारी बारिश
राहुल गांधी ने तमिलनाडु के लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "मेरे तमिलनाडु के भाइयों और बहनों, हम आपके साथ खड़े हैं। कृपया सुरक्षित रहें।" मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु में 26 अक्टूबर तक भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। साथ ही शुक्रवार को बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व और उससे सटे पूर्व-मध्य हिस्से में एक नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने की परिस्थितियां अनुकूल हैं, जो आगे चलकर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है।
13 जिलों में भारी वर्षा दर्ज की
हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि संभावित चक्रवात का तमिलनाडु पर सीधा प्रभाव पड़ने की संभावना फिलहाल नहीं है। इसके विकास और दिशा को लेकर आगे की जानकारी बाद में जारी की जाएगी। पूर्वोत्तर मानसून के सक्रिय होने के साथ राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। बुधवार सुबह तक के 24 घंटों में तीन जिलों में बहुत भारी और 13 जिलों में भारी वर्षा दर्ज की गई। चेन्नई के एमजीआर नगर में सबसे अधिक 15.4 सेंटीमीटर बारिश हुई।