हापुड़ : भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए मंगलवार को हुई झमाझम बारिश से निजात मिल गई. झमाझम बारिश से मौसम खुशगवार हो गया। जिसके बाद नीचे इलाकों में स्थित मोहल्लों में पानी भर गया। पानी भरने की वजह से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। बारिश की वजह से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई.
मंगलवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह के समय से ही आकाश में काले बादलों ने अपना डेरा डाला हुआ था। जिसके बाद करीब सवा दस बजे से अचानक से झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश पड़ने के साथ ही लोगों को पिछले दिनों पड़ी भीषण गर्मी से निजात मिल सकी। बारिश की वजह से सड़क पर चलने वाले लोगों को आसपास की दुकानों व यात्री शेड के नीचे खड़े होने को मजबूर होना पड़ा। सड़क पर चलने वाहन चालकों को वाइपर का प्रयोग कर रास्ता देखने को विवश होना पड़ा.
बारिश की वजह से शहर के निचले इलाकों में स्थित मोहल्लों में पानी भरने की वजह से वहां के लोगों का आवागमन भी प्रभावित हो गया. शहर के गोल मार्किट में भी पानी भरने की वजह से वहां की दुकानदारों को भी परेशानी उठानी पड़ी। बता दें कि बीते दिनों हुई झमाझम बारिश की वजह से रेलवे के अंडरपासों में भी पानी भर गया था. जिस वजह से दर्जनों गांव के लोगों का आवागमन पूरी तरह से प्रभावित हो गया था। हालांकि मंगलवार को भी झमाझम बारिश की वजह से रेलवे के अंडरपास में थोड़ा सा पानी भर गया था. जिस वजह से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी.