
IMD Alert: दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में अभी हाल ही में हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी थी, लेकिन अब भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बड़ा अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि अक्टूबर का महीना सामान्य से कहीं अधिक बारिश लेकर आएगा। IMD के डायरेक्टर जनरल मृत्युंजय महापात्रा ने कहा है कि इस बार अक्टूबर में औसतन 115% से ज्यादा वर्षा होने की संभावना है, जो पिछले 50 साल का रिकॉर्ड भी तोड़ सकती है। आमतौर पर सितंबर के बाद मानसून कमजोर पड़ने लगता है, लेकिन इस बार इसकी सक्रियता लंबे समय तक बनी रही है।
क्यों होगी इतनी बारिश?
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आने वाली नमी से भरी हवाएं जब उत्तर भारत की ठंडी हवाओं और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से टकराती हैं तो भारी बारिश होती है। इस बार दिल्ली-एनसीआर में गर्मी ज्यादा रही, जिससे वातावरण में नमी का स्तर बढ़ गया। यही नमी जब कम दबाव वाली हवाओं से मिलेगी तो अक्टूबर में बारिश के असामान्य हालात बनेंगे। इसके अलावा वैश्विक तापमान वृद्धि ने भी मौसम के पैटर्न को अनिश्चित और कभी-कभी अत्यधिक कर दिया है। इसी कारण मानसून का असर लंबे समय तक दिख रहा है।
यह भी पढ़ेंःOmar Abdullah: पूर्ण राज्य के लिए BJP संग समझौता नहीं करूंगा, इस्तीफा देना पसंद करूंगा: उमर अब्दुल्ला
फसलों और शहरों पर असर
अक्टूबर का समय फसलों की कटाई का होता है, ऐसे में भारी बारिश किसानों के लिए बड़ी मुसीबत बन सकती है। धान, मक्का, सोयाबीन और गन्ने की फसलें जलभराव से खराब हो सकती हैं, जिससे पैदावार पर गंभीर असर पड़ेगा। दलहनी और सब्जियों में रोग और कीटों का प्रकोप बढ़ने का खतरा भी रहेगा। वहीं, दिल्ली-एनसीआर और अन्य शहरी इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनेगी। मौसम विभाग ने लोगों और किसानों को पहले से तैयार रहने और एहतियात बरतने की सलाह दी है।