.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3Dfb78fafa-42df-4f67-b8bf-2abf8874e802&w=3840&q=75)
Delhi NCR Heavy Rains: दिल्ली-एनसीआर में रक्षाबंधन से पहले से ही शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने शनिवार सुबह तक हालात बिगाड़ दिए। बीती रात से लगातार हो रही बरसात से दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में जगह-जगह जलभराव हो गया है। मौसम विभाग ने सुबह रेड अलर्ट जारी किया था, जिसे बाद में घटाकर यलो अलर्ट कर दिया गया। सफदरजंग में 78.7 मिमी, प्रगति मैदान में 100 मिमी, लोधी रोड में 80 मिमी, पूसा में 69 मिमी और पालम में 31.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश से पंचकुइयां मार्ग, मथुरा रोड, आरके पुरम, मोती बाग और किदवई नगर जैसे इलाकों में पानी भरने से यातायात ठप हो गया।
यातायात पर भारी असर
बारिश के चलते दिल्ली-एनसीआर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहन रेंगते नजर आए। एम्स के पास, बारापुला पुल के आसपास और अन्य व्यस्त इलाकों में जाम की स्थिति बन गई। कुछ जगहों पर पानी इतना भर गया कि दोपहिया और छोटे वाहन निकालना मुश्किल हो गया। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की है। वहीं, सुबह का न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री कम रहा। अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
यह भी देखेंःTriple Murder Delhi: ट्रिपल मर्डर से दहली दिल्ली: रक्षाबंधन पर पति ने पत्नी और दो बेटियों की ली जान
आगे भी जारी रह सकती है बारिश
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 11-12 अगस्त के बीच उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती परिसंचरण विकसित होने की संभावना है। इसके प्रभाव से मानसून ट्रफ दक्षिण की ओर खिसकेगी, जिससे दिल्ली-एनसीआर में बारिश का दौर जारी रहेगा। यह स्थिति ब्रेक मानसून को खत्म कर देगी और अगले 24 घंटों में कई इलाकों में भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है। फिलहाल बारिश से गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन जलभराव और यातायात बाधित होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।