नगर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र में मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण कार्यालय के बराबर गली में ट्रक में बजरी लाद रहे युवक का हाथ ऊपर जा रही हाईटेंशन लाइन से टच हो गया। तेज करंट लगने से युवक की मौत हो गयी। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई से इंकार कर दिया और मृतक के शव को बिना किसी कार्रवाई के साथ लेकर चले गए। मिली जानकारी के अनुसार सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के अंतर्गत विकास प्राधिकरण कार्यालय के बराबर वाले रास्ते पर मल्हूपुरा निवासी आमान त्यागी ट्रक में बजरी भरवाने का काम कर रहा था।
उपचार के दौरान मौत
ट्रक में बजरी भरने के बाद युवक उसके ऊपर चढ़ गया। तभी ट्रक के ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन तार की लाइन में उसका हाथ टच हो गया। जिसमें तेज करंट लगने के कारण वह बुरी तरह से झुलस गया। आनन-फानन में आमान को जिला अस्पताल में लाया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। युवक करंट लगने से लगभग 90 प्रतिशत झुलस गया था। आमान अपने परिवार के साथ मल्हूपुरा में किराए के मकान में रहता है।
पुलिस कार्रवाई से इनकार कर दिया
उसकी मां आंगनवाडी में काम करती है। कुछ साल पहले आमान के पिता ने उसकी मां को छोडकर कुटेसरा की महिला से दूसरी शादी कर ली थी। थाना प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह का कहना कि परिजनों ने पुलिस कार्रवाई से इनकार कर दिया। शव को पंचायतनामा भरकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।