
hair fall reasons: आजकल कम उम्र में बाल सफेद होना और झड़ना आम समस्या बनती जा रही है। हर दूसरा व्यक्ति गंजेपन या सफेद बालों की परेशानी से जूझ रहा है। इसका कारण सिर्फ तनाव, खानपान या विटामिन की कमी ही नहीं, बल्कि हाई कोलेस्ट्रॉल भी हो सकता है। आमतौर पर हाई कोलेस्ट्रॉल को सिर्फ दिल से जुड़ी बीमारी माना जाता है, लेकिन यह बालों पर भी असर डाल सकता है। एक रिसर्च के मुताबिक हाई कोलेस्ट्रॉल की वजह से बालों की जड़ें कमजोर हो सकती हैं और समय से पहले बाल सफेद होने लगते हैं।
बालों पर पड़ता है कोलेस्ट्रॉल का असर
जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के रिसर्चर ने जब चूहों पर हाई कोलेस्ट्रॉल को लेकर एक अध्ययन किया, तो पाया कि इसका असर उनके बालों पर भी पड़ा। लगातार हाई कोलेस्ट्रॉल की स्थिति शरीर में खून के बहाव को प्रभावित करती है, जिससे बालों तक सही मात्रा में पोषण नहीं पहुंच पाता। नतीजतन, बाल टूटने और सफेद होने लगते हैं। इससे यह भी साफ होता है कि कोलेस्ट्रॉल सिर्फ दिल की बीमारी या स्ट्रोक का कारण नहीं है, बल्कि यह शरीर के कई हिस्सों को प्रभावित करता है।
कोलेस्ट्रॉल कम करने के लिए अपनाएं हेल्दी डाइट
हाई कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने के लिए खानपान में बदलाव बेहद जरूरी है। डाइट में ओट्स, बीन्स, बैगन, ड्राई फ्रूट्स, नट्स और सीड्स जैसी फाइबर और पोषक तत्वों से भरपूर चीजें शामिल करें। साथ ही, तली-भुनी और प्रोसेस्ड चीजों से दूरी बनाएं। नियमित एक्सरसाइज, पर्याप्त नींद और तनाव से दूर रहना भी कोलेस्ट्रॉल लेवल को संतुलित रखने में मदद करता है, जिससे न केवल दिल बल्कि बाल भी सेहतमंद बने रहते हैं।