
मेरठ में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. गंगानगर थाने का हिस्ट्रीशीटर अंकित उर्फ़ आदि शुक्रवार को संदिग्ध हालात में मृत पाया गया. उसका शव मवाना थाना क्षेत्र के बिजनौर हाईवे पर पड़ा मिला. पुलिस को शक है कि उसे कहीं और मारकर यहां फेंका गया है. अंकित जो मीनाक्षीपुरम गली नंबर-1 (थाना गंगानगर) का रहने वाला था, गुरुवार रात दोस्तों के साथ अपना जन्मदिन मनाने निकला था. देर रात तक वह घर नहीं लौटा. जब उसका फोन भी बंद मिला तो परिवार वाले चिंतित हो गए. उन्होंने उसे रिश्तेदारों और परिचितों में ढूंढा, लेकिन कोई खबर नहीं मिली. शुक्रवार दोपहर परिवार ने गंगानगर थाने जाकर उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. अंकित की पत्नी ने पुलिस को बताया कि वह घर वापस नहीं आया है और फोन भी नहीं लग रहा.
ये भी पढ़ें : अरबाज खान से तलाक के बाद मलाइका अरोड़ा ने दूसरी शादी के दिए संकेत, कहा 'सब कुछ...'
हाईवे पर मिला शव
इसी बीच मवाना पुलिस को सूचना मिली कि बिजनौर रोड पर एक युवक का शव पड़ा है. जब परिजन मौके पर पहुंचे तो शव की पहचान अंकित के रूप में हुई. यह खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. शव की हालत देखकर पुलिस को अंदेशा हुआ कि अंकित को कहीं और मारा गया और फिर लाकर हाईवे पर फेंक दिया गया. उसके शरीर पर गोली लगने या गहरी चोट के निशान नहीं मिले, लेकिन जांच में पता चला कि उसकी जांघ की हड्डी टूटी हुई थी. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है.
पुलिस की जांच तेज
अंकित पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे और वह हिस्ट्रीशीटर की लिस्ट में शामिल था. पुलिस का मानना है कि उसकी हत्या पुरानी रंजिश, आपसी दुश्मनी या दोस्तों के बीच हुए झगड़े का नतीजा हो सकती है. मवाना पुलिस ने मामले को सुलझाने के लिए दो टीमें बनाई हैं. दोनों टीमें आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं ताकि पता चल सके कि अंकित के साथ आखिरी बार कौन था और उसे कहां ले जाया गया. पुलिस परिवार से भी पूछताछ कर रही है ताकि किसी दुश्मनी या पुराने विवाद की जानकारी मिल सके.
परिवार का दर्द
अचानक हुई इस घटना से अंकित का परिवार सदमे में है. जन्मदिन की खुशियां कुछ ही घंटों में मातम में बदल गईं. पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस अफसरों ने कहा है कि वो सभी एंगल से जांच कर रहे हैं और जल्द ही हत्यारों को पकड़ लिया जाएगा.