हिस्ट्रीशीटर ने हरियाणा की युवती को प्रेम जाल में फंसा कर मतांतरण करा कर निकाह कर लिया। असलियत पता चलने पर युवती ने विरोध किया तो हिस्ट्रीशीटर दुष्कर्म की वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता रहा। हिस्ट्रीशीटर के जेल जाने के बाद पीड़िता ने दिल्ली में मुकदमा दर्ज करा दिया और दिल्ली पुलिस मौलवी समेत पांच लोगों को उठाकर ले गई। आरोपियों में हिस्ट्रीशीटर के परिवार के चार सदस्य भी शामिल है।
फहीम ने खुद को हिंदू बताया था
मवाना पुलिस के अनुसार सठला गांव निवासी फहीम थाने का हिस्ट्रीशीटर है। नवंबर 2021 में उसकी बल्लभगढ़ निवासी युवती से मुलाकात हुई थी। फहीम ने खुद को हिंदू बताया था और युवती को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया था। इसके बाद दोनों दिल्ली के एक होटल में मिले। आरोप है कि वहां हिस्ट्रीशीटर ने नशीला पदार्थ खिलाकर अपने एक साथी के साथ मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने पीड़िता की अश्लील वीडियो भी बना ली थी।
दिल्ली के एक मुकदमे में जेल चला गया
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर आरोपी युवती को ब्लैकमेल करने लगा था। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर हिस्ट्रीशीटर युवती को अपने गांव लेकर आ गया। आरोप है कि यहां हिस्ट्रीशीटर ने दबाव बनाकर युवती का मतांतरण कराने के बाद नाम बदल कर निकाह कर लिया। गांव में रखने के बाद आरोपी पीड़िता को दिल्ली ले गया। पुलिस के मुताबिक पिछले साल हिस्ट्रीशीटर फहीम दिल्ली के एक मुकदमे में जेल चला गया।
पूरी घटना की जानकारी दी
आरोपी के जेल जाने के बाद युवती उसके चंगुल से निकलकर अपने परिजनों के पास पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन बेटी को लेकर दिल्ली के जामिया नगर थाने पहुंचे और हिस्ट्रीशीटर फहीम व अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। मवाना थाना पुलिस के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने मवाना थाने में आमद दर्ज कराने के बाद स्थानीय पुलिस के साथ सठला गांव में दबिश दी और हिस्ट्रीशीटर के दो भाई, पिता, मां और निकाह कराने वाले को अपने साथ ले गई।