
Bulandshahr court premises: बुलंदशहर में जिला अदालत के बाहर उस समय सनसनी फैल गई जब नगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर नयीफ़ की दिनदहाड़े चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। नयीफ़ अपनी प्रेमिका के साथ कोर्ट मैरिज के लिए आया था और फोटो स्टूडियो में तस्वीरें खिंचवा रहा था। तभी अचानक उस पर हमला हुआ। हमलावरों ने कई वार कर उसे लहूलुहान कर दिया और हत्या के बाद छुरी वहीं सड़क पर फेंककर फरार हो गए। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्रेमिका के परिजनों पर हत्या का शक
पुलिस के मुताबिक मृतक नयीफ़ नगर कोतवाली क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर था और कई मामलों में उसका आपराधिक इतिहास दर्ज था। घटना के पीछे प्रेमिका के परिजनों पर संदेह जताया जा रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिवार इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर रहा था और विरोध में यह कदम उठाया गया हो सकता है। जिला अदालत के बाहर हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश जारी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों के भागने की दिशा और उनकी गतिविधियों का सुराग मिल सके। इस बीच, अदालत परिसर और शहर में पुलिस बल बढ़ा दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।