.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3Dac4066e2-0aa8-4371-b254-1a3d7e988c9c&w=3840&q=75)
मुजफ्फरनगर। जनपद के पुरकाजी थाना क्षेत्र के गांव दादूपुर में हिस्ट्रीशीटर की पुरानी रंजिश में उसके चाचा और दो अन्य ने रास्ते में रोक कर गोली मार दी। गंभीर हालत में घायल को उठाकर परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने घायल को मृत घोषित कर दिया था। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा भी जिला अस्पताल पहुंच गए। बाद में एसएसपी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। इस घटना से गांव में तनाव व्याप्त है। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।
जनपद के पुरकाजी थाना क्षेत्र के गांव दादूपुर निवासी करीब 35 वर्षीय मोनू गुरुवार की शाम को बाइक से आ रहा था। उसकी अपने चाचा करतार से पहले से ही रंजिश चल रही है, आते हुए रास्ते में मोनू को बाइक सवार उसके चाचा और दो अन्य ने गोली मार दी। गोली पेट में लगने से मोनू गंभीर रुप से घायल हो गया। आरोपी व उसके अन्य साथी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। जानकारी मिलने पर परिजन निजी वाहन से मोनू को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मोनू को मृतक घोषित कर दिया। मोनू पुरकाजी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उस पर पुरकाजी थाने में कई अपराधिक मामले दर्ज है। वही आरोपी करतार पुत्र पाला पर भी मर्डर सहित दो मुकदमे दर्ज है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा भी जिला अस्पताल पहुंच गए और उन्होंने चिकित्सकों से बात की हालांकि तब तक उपचार के दौरान मोनू की मौत हो चुकी थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि करीब दो माह पूर्व मोनू के घर में चोरी हुई थी। इस का संदेह उन्होंने चाचा पर जताया था इसी बात को लेकर दोनों में कहा सुनी हुई थी, और तब से ही रंजिश चल रही थी जिसके बाद गुरुवार 11 सितंबर देर शाम मोनू को गोली मार दी गयी है। गांव में पुलिस को सुरक्षा की दृष्टि से तैनात किया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गयी है। जिला अस्पताल से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा भी पुरकाजी के लिए घटनास्थल का निरीक्षण करने को रवाना हो गए जबकि पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ. रवि शंकर गांव में पुलिस बल के साथ मौजूद हैं।