Kanwar Yatra UP Schools Holiday: श्रावण मास में शिव भक्तों की बढ़ती संख्या और सुरक्षा के मद्देनजर मेरठ और मुजफ्फरनगर प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। प्रशासन ने जनपद के सभी स्कूलों को 16 जुलाई से 23 जुलाई तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। हालांकि प्रशासन ने कहा है कि इस दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की जाएंगी। 24 जुलाई से सभी स्कूल फिर से नियमित रूप से खुल जाएंगे।
24 जुलाई से खुल जाएंगे स्कूल
मेरठ के जिलाधिकारी डॉ. वी. के. सिंह ने सोमवार को आदेश जारी किया कि 16 जुलाई से 23 जुलाई तक प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त स्कूल, सरकारी, प्राइवेट, यूपी बोर्ड, सीबीएसई व आईसीएसई में छुट्टी रहेगी। साथ ही उन्होंने बताया कि 23 जुलाई को श्रावण मास की शिवरात्रि है, ऐसे में 24 जुलाई से स्कूलों को फिर से खोला जाएगा। कांवड़ यात्रा के दौरान बच्चों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। वहीं, मुजफ्फरनगर के डीएम ने भी 16 जुलाई से 23 जुलाई तक स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया है।
सुरक्षा की दृष्टिकोण से लिया गया फैसला
प्रशासन ने यह फैसला सुरक्षा की दृष्टिकोण से लिया है। कांवड़ यात्रा में बड़े पैमाने पर श्रद्धालु शिव मंदिर पर जल चढ़ाने जाते हैं। इसके दौरान मुख्य रास्तों पर भारी भीड़ होती है, जिससे छात्रों की सुरक्षा जोखिम में पड़ सकती है। कांवड़ यात्रा के चलते पूरे जनपद का यातायात प्रभावित रहता है। रूट डायवर्ट करके भारी वाहनों को शहर के बाहर से ही निकाला जा रहा है। शहर के भीतर भी बैरिकेडिंग करके वनवे किया गया है। इन हालात में बच्चों का स्कूल पहुंच पाना मुश्किल हो रहा है।