School Holidays: पंजाब और चंडीगढ़ में पारा लगातार चढ़ रहा है, पंजाब के ज्यादातर जिलों में तापमान 40 डिग्री को पहुंच चुका है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। बिगड़ते हालात को देखते हुए चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने 26 मई तक हीटवेव का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। बढ़ती गर्मी और बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए कई राज्यों ने स्कूलों को बंद करने का फैसला किया है।
चड़ीगढ़ में 23 मई से बंद होंगे स्कूल
चंडीगढ़ प्रशासन ने 23 मई से स्कूलों में छुट्टियों का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने लोगों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। जारी एडवाइजरी में कहा है कि दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचें। ज़्यादा शारीरिक मेहनत वाले कामों से परहेज़ करें। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखें।
पंजाब में भी जल्द हो सकती है घोषणा
पंजाब में भी जल्द ही स्कूलों को बंद करने की आधिकारिक घोषणा हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, पंजाब के स्कूलों में 25 मई 2026 से गर्मियों की छुट्टियां शुरू हो सकती हैं और स्कूल 1 जुलाई को दोबारा खुल सकते हैं। सरकार जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा कर सकती है।
यह भी पढ़ें: CBSE Answer Sheet Photocopy: धुंधली आंसर शीट मिलने से छात्र परेशान, OSM सिस्टम पर उठे गंभीर सवाल
हरियाणा में 25 मई से बंद होंगे स्कूल
हरियाणा में पहले छुट्टियां 1 जून से शुरू होने वाली थीं, लेकिन तेज़ धूप और गर्मी को देखते हुए अब हरियाणा सरकार ने 25 मई से स्कूल बंद करने का आदेश दिया है। चूंकि 24 मई को रविवार है, इसलिए बच्चों को आखिरी बार शनिवार (23 मई) को स्कूल जाना होगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों के साथ बैठक के बाद यह फैसला लिया।
दिल्ली और राजस्थान में पहले ही बंद हो चुके हैं स्कूल
दिल्ली में सरकारी स्कूल 11 मई से ही बंद कर दिए गए थे और अब स्कूल सीधे 1 जुलाई को खुलेंगे। कई प्राइवेट स्कूलों ने भी अपनी छुट्टियां घोषित कर दी हैं। वहीं, राजस्थान सरकार ने 17 मई से 20 जून 2026 तक गर्मियों की छुट्टियों का ऐलान किया है। हालांकि, इस बार छुट्टियों के दिनों में कटौती की गई है। जिससे नाराज़ अभिभावक जून में ही स्कूल खोलने का विरोध कर रहे हैं।