Indore News: क्रिकेट प्रेमियों के लिए खुशखबरी है! इंदौर को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का मेजबान बनने का अवसर मिला है। इस बार मौका है महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का, जिसमें होलकर स्टेडियम भी मेज़बान के रूप में शामिल होगा। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि इंदौर में होने वाले सभी मुकाबले बेहद रोमांचक होंगे। लंबे समय से इंटरनेशनल मैच का इंतजार कर रहे इंदौर के फैंस के लिए यह खबर उत्साह से भर देने वाली है।
5 शहरों में होगा वर्ल्ड कप, इंदौर को भी मिली मेज़बानी
महिला वनडे क्रिकेट विश्व कप 2025 के लिए भारत और श्रीलंका के पांच शहरों को वेन्यू के रूप में चुना गया है—बेंगलुरु, गुवाहाटी, इंदौर, विशाखापत्तनम और कोलंबो। यह टूर्नामेंट 30 सितंबर से 2 नवंबर तक खेला जाएगा। टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें भाग लेंगी। भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला बेंगलुरु में खेलेगी, जबकि पाकिस्तान के सभी मुकाबले कोलंबो में होंगे। फाइनल मैच बेंगलुरु या कोलंबो में आयोजित होगा, जो पाकिस्तान की क्वालिफिकेशन पर निर्भर करेगा।
इंदौर को फिर मिला इंटरनेशनल मंच
14 जनवरी 2024 को भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले गए T20 मैच के बाद इंदौर के क्रिकेट प्रेमियों को इंटरनेशनल मैच का बेसब्री से इंतजार था। आईपीएल में 2018 के बाद से इंदौर को कोई भी मैच नहीं मिला, जिससे फैंस में निराशा थी। लेकिन अब महिला विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट की मेज़बानी मिलने से इंदौर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मानचित्र पर चमकने को तैयार है।