सोसाइटियों के पदाधिकारियों के साथ सीधा संवाद केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को साबरमती विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विशेष 'लोकदरबार' में स्थानीय नागरिकों और विभिन्न आवासीय सोसाइटियों के पदाधिकारियों के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि रानीप का विकास लगातार हो रहा है और आने वाले समय में यह पश्चिम अहमदाबाद का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मौजूद रहे। लोकदरबार के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने रानीप, नया रानीप, डी-कैबिन और साबरमती क्षेत्र की विभिन्न सोसाइटियों के चेयरमैन और सचिवों से मुलाकात कर सड़क, वर्षा जल निकासी, स्टॉर्म वॉटर लाइन, पेयजल और रेलवे फाटक जैसी स्थानीय समस्याओं पर चर्चा की।
अब तक के 30 वर्षों का सफर याद आ रहा है
नागरिकों को संबोधित करते हुए गृह मंत्री शाह ने कहा, "आज आपके बीच आकर मुझे 1997 से अब तक के 30 वर्षों का सफर याद आ रहा है। रानीप से विधानसभा और बाद में लोकसभा तक पहुंचने में आप सभी का प्रेम और सहयोग मिला है। इसके लिए
मैं आप सभी का वंदन और अभिनंदन करता हूं।"उन्होंने कहा कि विकास एक सतत प्रक्रिया है और पिछले तीन दशकों में रानीप में तेजी से विकास कार्य हुए हैं। "आने वाले समय में रानीप पश्चिम अहमदाबाद का मुख्य आकर्षण और विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा।"
अब तक 8,970 फेरीवालों को ऋण का लाभ मिला है
गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र के विकास का उल्लेख करते हुए अमित शाह ने कहा कि सांसद बनने के बाद उन्होंने संकल्प लिया था कि गांधीनगर को देश के सबसे विकसित संसदीय क्षेत्रों में शामिल किया जाएगा और उसी दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कम्युनिटी हॉल, पार्क, उद्यान, तालाब, आइकोनिक सड़कें, पुस्तकालय और जिम जैसी कई सुविधाएं विकसित की गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्ट्रीट वेंडरों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ऋण उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने बताया कि गांधीनगर संसदीय क्षेत्र में अब तक 8,970 फेरीवालों को ऋण का लाभ मिला है।