Began Chukundar Crispy Chips : आजकल लोग स्नैकिंग के लिए ऐसे विकल्प तलाशते हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ रोजमर्रा की डाइट में आसानी से शामिल किए जा सकें। अगर आपको भी शाम की चाय के साथ कुछ कुरकुरा खाने का मन करता है, तो बैंगन और चुकंदर से बने चिप्स ट्राई कर सकते हैं। इन्हें घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है और अपनी पसंद के मसालों के साथ इनका स्वाद भी बढ़ाया जा सकता है.
बनाने के लिए चाहिए ये चीजें
इस स्नैक को तैयार करने के लिए एक ताजा बैंगन, एक चुकंदर, थोड़ा सा नमक, काली मिर्च, लाल मिर्च पाउडर और चाट मसाला लिया जा सकता है. चिप्स को ज्यादा क्रिस्पी बनाने के लिए थोड़े चावल के आटे या कॉर्नफ्लोर का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. आप चाहें तो स्वाद के अनुसार दूसरे सूखे मसाले भी मिला सकते हैं.
बैंगन और चुकंदर को ऐसे करें तैयार
सबसे पहले बैंगन और चुकंदर को अच्छी तरह धो लें. दोनों को पतले और लगभग एक जैसे स्लाइस में काटें. स्लाइस जितने पतले होंगे, चिप्स उतने ही कुरकुरे बनेंगे. चुकंदर में पानी की मात्रा अधिक होने के कारण उसके स्लाइस को कुछ देर साफ कपड़े या पेपर टॉवल से सुखा लेना बेहतर रहेगा.
मसाले लगाकर करें क्रिस्पी
अब एक बाउल में सब्जियों के स्लाइस डालें। इसमें नमक, काली मिर्च, लाल मिर्च और चाट मसाला डालकर अच्छी तरह मिलाएं. इसके बाद हल्का सा चावल का आटा या कॉर्नफ्लोर डालें, ताकि स्लाइस पर मसाले की पतली परत अच्छी तरह चिपक जाए.
ओवन या एयर फ्रायर में पकाएं
तैयार स्लाइस को बेकिंग ट्रे या एयर फ्रायर बास्केट में एक-दूसरे से थोड़ा दूर रखें. इन्हें मध्यम तापमान पर तब तक पकाएं, जब तक स्लाइस सूखकर कुरकुरे न हो जाएं. बीच में एक बार पलटने से दोनों तरफ अच्छी क्रिस्पीनेस आ सकती है। तैयार चिप्स को कुछ मिनट ठंडा होने दें और फिर सर्व करें.
शाम के स्नैक के लिए बढ़िया विकल्प
बैंगन और चुकंदर के ये चिप्स सामान्य पैकेज्ड स्नैक्स का एक घरेलू विकल्प हो सकते हैं. हालांकि इन्हें भी संतुलित मात्रा में ही खाना बेहतर है. स्वाद बढ़ाने के लिए ऊपर से थोड़ा चाट मसाला या नींबू का रस डालकर इन्हें सर्व किया जा सकता है.