Honda Elevate Facelift Pre Booking: होंडा कार्स इंडिया अपनी लोकप्रिय एसयूवी होंडा एलिवेट के नए फेसलिफ्ट मॉडल को भारत में लॉन्च करने जा रही है। कंपनी 6 अक्टूबर को इस कार को आधिकारिक तौर पर पेश करेगी। कंपनी ने नए फेसलिफ्ट मॉडल की प्री-बुकिंग आधिकारिक तौर पर शुरू कर दी है। ग्राहक देशभर में किसी भी अधिकृत होंडा डीलरशिप पर 21,000 रुपये का टोकन अमाउंट देकर इसे बुक कर सकते हैं। अगर आप भी इस एसयूवी को खरीदने का मन बना रहे हैं, तो आइए जानते हैं इसमें क्या-क्या फीचर्स दिए गए हैं और इसकी कीमत कितनी हो सकती है।
3 साल में पहली बार बड़ा अपडेट
बता दें कि होंडा ने इस कार को पहली बार 2023 में मार्केट में उतारा था। कंपनी तीन साल में ही इसका अपडेट लेकर आ रही है। कंपनी ने कार का टीजर जारी किया है, जिसमें पैनल पर लाइटिंग का नया पैटर्न दिख रहा है।
क्या-क्या होंगे नए बदलाव
होंडा कार्स इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट कुणाल बहल के मुताबिक नई एलिवेट को मौजूदा प्लेटफॉर्म पर ही तैयार किया गया है, लेकिन इसमें कई नए फीचर्स और डिजाइन अपडेट्स दिए गए हैं।
कार में नई रिफ्रेश्ड ग्रिल, नया एलॉय व्हील डिजाइन और रिवाइज्ड लाइटिंग सिग्नेचर्स देखने को मिलेंगे। हालांकि इसका कुल साइज और लुक पहले जैसा ही रहेगा। केबिन को ज्यादा आधुनिक और प्रीमियम बनाने के लिए नए फीचर्स, नए ट्रिम्स और केबिन अपडेट्स जोड़े गए हैं।
दूर होंगी मौजूदा मॉडल की कमियां?
नई एलिवेट में फैक्ट्री-फिटेड 360-डिग्री कैमरा और वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स मिलने की उम्मीद है। अगर ये फीचर्स शामिल किए जाते हैं तो एसयूवी मौजूदा मॉडल की तुलना में ज्यादा फीचर-लोडेड हो सकती है।
यह भी पढ़ें: MG Hector Tomahawk EV की डिलीवरी शुरू, जानें क्या है इसके एडवांस फीचर और कीमत
इंजन और परफॉर्मेंस
होंडा एलिवेट फेसलिफ्ट में 1.5 लीटर का 4 सिलेंडर आई-वीटेक (i-VTEC) पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो 121 पीएस की पावर और 145 एनएम का टॉर्क जनरेट करेगा। ग्राहकों को 6-स्पीड मैनुअल और सीवीटी ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प मिलेगा।
कितनी होगी कीमत
मौजूदा होंडा एलिवेट की कीमत 11.91 लाख रुपये से शुरू होकर 17.07 लाख रुपये (एक्स शोरूम) तक जाती है। वहीं नए फीचर्स शामिल होने के कारण फेसलिफ्ट मॉडल की कीमत में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि कीमत का असली खुलासा 6 अक्टूबर को लॉन्च के दौरान ही होगा।