
विवाह एक पवित्र बंधन है, जिसमें भरोसा, पारदर्शिता और सम्मान की नींव पर रिश्ते की दीवारें खड़ी होती हैं। लेकिन जब दिल में दबी कोई पुरानी प्रेम कहानी सामने आने लगे, तो सवाल उठता है — क्या अपने जीवनसाथी को बताना चाहिए अपने अतीत का हर पहलू? खासकर जब वह "प्यार" से जुड़ा हो? इस जटिल भावनात्मक सवाल पर हाल ही में आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद जी महाराज ने एक प्रवचन के दौरान महत्वपूर्ण विचार साझा किए। उनकी बातों ने न केवल श्रोताओं को सोचने पर मजबूर कर दिया, बल्कि सोशल मीडिया पर भी यह विषय चर्चा का केंद्र बन गया।
क्या कहते हैं महाराज ?
प्रेमानंद जी महाराज का मानना है कि सत्य जरूरी है, लेकिन विवेक उससे भी बड़ा। उन्होंने कहा, “यदि अतीत का कोई रिश्ता आपके वर्तमान को प्रभावित नहीं कर रहा, न ही आपके मन में कोई छिपाव की भावना है, तो उस पुराने अध्याय को बार-बार खोलना बुद्धिमानी नहीं होती।” उनका कहना है कि हर व्यक्ति का एक अतीत होता है, लेकिन विवाह का अर्थ है — वर्तमान और भविष्य को एक साथ जीना। अगर कोई व्यक्ति अपने जीवनसाथी से अतीत की ऐसी बातें साझा करता है जो सिर्फ मन में अशांति पैदा करें और रिश्ते में शक का बीज बो दें, तो वह ईमानदारी नहीं बल्कि अविवेक कहलाता है।
रिश्ते के साथ अन्याय
महाराज ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि पुराना प्रेम अब भी मन या व्यवहार में सक्रिय है, या वह किसी न किसी रूप में दांपत्य जीवन को प्रभावित कर रहा है, तो उसे छिपाना रिश्ते के साथ अन्याय है। ऐसी स्थिति में संवाद आवश्यक है — लेकिन सच्चाई के साथ, संवेदनशीलता और सम्मान बनाए रखते हुए। प्रेमानंद महाराज की यह सलाह आधुनिक युग की जटिलताओं के बीच एक संतुलन खोजने की कोशिश है — जहां रिश्तों में पारदर्शिता जरूरी है, लेकिन अनावश्यक उलझाव नहीं। उनके अनुसार, “सत्य बोला जाना चाहिए, लेकिन तब जब उसका उद्देश्य रिश्ते को मजबूत करना हो, न कि उसे चोट पहुँचाना।” तो, अगर आपके मन में यह सवाल है कि अपने अतीत को अपने जीवनसाथी से साझा करें या नहीं — तो एक बार स्वयं से पूछिए: क्या यह बात आपके वर्तमान प्रेम को और मजबूत करेगी, या सिर्फ पुराने घाव कुरेदेगी?