नोएडा। थाना कासना पुलिस ने हनीट्रैप के खतरनाक गैंग को पकड़ते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो सगी बहनों विनिशा (21) व खुशी (19) और उनके साथी दीपांशु (22) को सावित्री बाई इंटर कॉलेज के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से लूटे गए 1 लाख 90 हजार रुपये नकद बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, ये लोग पहले सोशल मीडिया और फोन पर अविवाहित लड़कों को अपने प्रेमजाल में फंसाते थे। इसके बाद शादी का लालच देकर पैसे ऐंठते और ना देने पर मारपीट कर जान से मारने व चैट वायरल करने की धमकी देते थे।
पीड़ित युवक ने 4 दिसंबर को कासना थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि विनिशा और खुशी ने उसे पहले प्यार के जाल में फंसाया, फिर 29 नवंबर को निहालदेव पार्क (कासना) बुलाकर विनिशा के साथ गोवा घूमने के नाम पर 5 लाख रुपये की मांग की। जब उसने पैसे देने शुरू किए तो दीपांशु और उसका साथी अजय मौके पर पहुंचे और मारपीट कर जबरन पैसे छीन लिए। धमकी भी दी कि चैटिंग वायरल कर देंगे और जान से मार देंगे।
पुलिस ने तुरंत टीम गठित की और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस व मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर तीनों को कुछ ही घंटों में धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे तीनों और फरार चल रहा अजय मिलकर यह पूरा खेल रचते थे। फरार अभियुक्त अजय की तलाश तेज कर दी गई है।
इस घटना के सिलसिले में धारा 308(2), 115(2), 61(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अजनबी लड़कियों से सोशल मीडिया पर दोस्ती करते समय सावधानी बरतें और किसी भी तरह की धमकी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।