मेरठ। अभी झूठी आन की खातिर बहन की गला दबा कर हत्या करने की घटना ठंडी नहीं हुई थी कि दिन निकलते ही बड़े भाई ने प्रेम प्रसंग के चलते बहन को सोते समय सिर में गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। परिजनों ने वारदात छिपाने के लिए पुलिस को गुमराह किया था, लेकिन पुलिस ने जांच के बाद दूध का दूध और पानी का पानी करते हुए चंद घंटों में घर में छिपकर बैठ आरोपी भाई को आलाकत्ल तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब परिवार के सदस्यों पर घटना छिपाने के मामले में कानूनी कार्रवाई करेगी।
लोहिया नगर थाना अंतर्गत जाकिर कॉलोनी ट्रांसफार्मर वाली गली में नूर मोहम्मद का परिवार रहता है। नूर मौहममद की 13 साल पहले मौत हो चुकी है। परिवार में चार बेटे एक बेटी थी। शनिवार सुबह 21 वर्षीय आफ्सा अपने कमरे में सो रही थी। तभी बड़े भाई आरिश ने उसकी सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। गोली की आवाज सुनकर परिजन आफ्सा को जगदंबा अस्पताल में ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही लोहिया नगर थाना प्रभारी और सीओ कोतवाली अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। पूछताछ में परिजनों ने पुलिस को बताया था कि आफ्सा की बाथरुम में गिरने से मौत हुई। पुलिस ने डाक्टरों से पूछताछ की मामला गन शाट के निकला। इसकी जानकारी मिलते ही एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले मौके पर पहुंचे और जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुला लिया। जांच के दौरान पुलिस को मौके से बारूद के कण मिले। पुलिस ने परिजनों से सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने बताया, बड़े भाई आरिश ने आफ्सा की गोली मारकर हत्या की है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी आरिश को घर से गिरफ्तार कर लिया, जो छिपकर बैठा हुआ था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने आलाक्तल 315 बोर का तमंचा भी बरामद कर लिया।
इसलिए की हत्या
पुलिस की जांच में आया है कि आफ्सा के पड़ोसी युवक से प्रेम प्रसंग थे। भाई इसका विरोध करता था और बहन आफ्सा पर निकाह के लिए दबाव बना रहा था, लेकिन वह निकाह के लिए तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर शुक्रवार को भी बड़े भाई आरिश का बहन से विवाद हुआ था। इसके बाद सभी सोने चले गए और शनिवार सुबह आरिश ने इसी विवाद में बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। अक्सा चार भाइयों की इकलौती बहन थी। सबसे बड़ा भाई आरिश है, दूसरे नंबर पर अक्सा। इसके बाद कैफ, आहद और फिर जुनैद हैं।
घटना छिपाने पर परिवार पर होगी कानूनी
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया, सुबह सवा सता बजे जगदंबा अस्पताल से सूचना मिली थी कि सिर गोली लगने से एक युवती को मौत हो गई। पुलिस ने अस्पताल जाकर जांच की तो परिजनों ने पुलिस और डाक्टरों को बताया था कि बाथरुम में गिरने से आफ्सा के सिर में चोट लगी है। एसपी सिटी ने बताया, परिवार ने अपराध को छिपाने का कृत किया है। इसलिए परिवार के सदस्यों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।