ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और नाले की दीवार तोड़ते हुए सीधे मॉल के पानी से भरे बेसमेंट में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह पानी में डूब गई और चालक की जान बचाना मुश्किल हो गया।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 12:30 बजे यह हादसा सेक्टर-150 मोड़ पर हुआ। पीआरवी के माध्यम से थाना नॉलेज पार्क को सूचना मिली कि एक कार नाले की बाउंड्री तोड़कर बेसमेंट में गिर गई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत फायर स्टेशन, एसडीआरएफ तथा एनडीआरएफ को अलर्ट किया गया।
कार को निकालने और चालक को बचाने के लिए स्थानीय गोताखोरों की मदद ली गई। पानी से भरे बेसमेंट में कार फंसी होने के कारण ऑपरेशन बेहद कठिन रहा। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान युवराज (27 वर्ष) पुत्र राजकुमार मेहता के रूप में हुई है। वह सेक्टर-150 नोएडा का निवासी था और टाटा कंपनी में कार्यरत था। हादसे के समय वह अपनी ड्यूटी से घर लौट रहा था। परिवार को इस घटना की सूचना दी गई है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और यह भी देखा जा रहा है कि सड़क किनारे सुरक्षा इंतज़ाम पर्याप्त थे या नहीं।
इस हादसे ने ग्रेटर नोएडा में सनसनी फैला दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में तेज रफ्तार वाहन चलाना बेहद खतरनाक है और इस तरह की घटनाएं सुरक्षा इंतज़ामों की कमी को भी उजागर करती हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में सुरक्षा उपायों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।