
Horrific accident in Jaipur: राजस्थान की राजधानी जयपुर में आज सुबह दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। हरमाड़ा थाना क्षेत्र के लोहामंडी रोड पर तेज रफ्तार डंपर ने पहले एक कार को टक्कर मारी और उसके बाद पांच गाड़ियों को रौंद दिया। इस भयावह दुर्घटना में 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों घायल हुए हैं। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
नशे में था डंपर चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर चालक शराब के नशे में था और वाहन पूरी तरह अनियंत्रित था। उसने पहले एक कार को टक्कर मारी और फिर लगातार कई वाहनों और राहगीरों को कुचलता चला गया। बताया जा रहा है कि डंपर चालक करीब 5 किलोमीटर तक जो सामने आया उसे रौंदता गया। हादसे के बाद डंपर पलट गया, जिससे कई गाड़ियां उसके नीचे दब गईं। पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुटे हुए हैं।
कड़ी कार्रवाई की मांग
इस घटना के बाद इलाके में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय लोगों ने डंपर चालक और मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे की तस्वीरें इतनी भयावह हैं कि देखकर कोई भी सिहर उठे — कई कारें डंपर के नीचे पूरी तरह दब गईं और वैन का ढांचा तक पहचान में नहीं आ रहा। फिलहाल पुलिस ने आरोपी चालक को पकड़ने के लिए टीमें भेज दी हैं और क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की है।